नोएडा में बच्ची से हैवानियत, CCTV में कैद मेड की बर्बरता
भारत
चेतना मंच
08 Aug 2025 02:50 PM
नोएडा के सेक्टर-142 थाना क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। सेक्टर-137 की एक सोसाइटी में रहने वाली महिला ने अपनी 15 माह की बेटी के साथ डे केयर सेंटर में मारपीट और दांत से काटने का आरोप लगाया है। पीड़िता पूनम (काल्पनिक नाम) ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि उनकी मासूम बेटी सोसाइटी के अंदर स्थित ‘Blipee Daycare’ में नियमित रूप से जाती थी। 4 अगस्त को जब वह अपनी बच्ची को डे केयर से वापस लेकर आई, तो वह लगातार रो रही थी। Noida Samachar
जांघों पर गहरे निशान
जब पूनम ने बेटी का कपड़ा बदला तो उसकी जांघों पर गहरे काटने के निशान देखकर वह घबरा गईं। तुरंत ही वह बेटी को डॉक्टर के पास लेकर गईं, जहां जांच के बाद डॉक्टर ने पुष्टि की कि यह चोट दांत से काटने (Human Bite) की है। इसके बाद पूनम सीधे डे केयर सेंटर पहुंचीं और वहां लगे CCTV कैमरे की फुटेज देखने की मांग की। वीडियो फुटेज में जो कुछ दिखा उसने सभी को हिला कर रख दिया।
CCTV में दिखी हैवानियत
वीडियो में डे केयर में बच्चों की देखभाल करने वाली मेड सोनाली बच्ची को थप्पड़ मारते, उसे जमीन पर पटकते और प्लास्टिक के बेड से पीटते हुए दिखाई दे रही है। यही नहीं फुटेज में सोनाली को बच्ची की दोनों जांघों पर दांत से काटते हुए भी देखा गया। पूनम का आरोप है कि जब उन्होंने यह सब डे केयर की प्रमुख चारु को दिखाया और जवाब मांगा तो उल्टा उन्हें धमकाया गया। चारु ने उनसे अभद्र भाषा में बात की और कहा कि, “अंजाम भुगतना पड़ेगा।” पीड़िता का कहना है कि वीडियो में बच्ची लगातार रो रही थी लेकिन डे केयर की इंचार्ज चारु ने कोई दखल नहीं दिया। उनकी लापरवाही के चलते यह दर्दनाक घटना हुई।
सेक्टर-142 थाना पुलिस ने पूनम की शिकायत पर आरोपी मेड सोनाली और डे केयर प्रमुख चारु के खिलाफ धारा 323 (मारपीट), 506 (धमकी) और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज को सबूत के तौर पर जब्त कर लिया गया है। Noida Samachar