हाइवे पर कार सवारों ने दस वाहनों को मारी टक्कर, बड़ा हादसा टला
Noida News
भारत
चेतना मंच
21 Jul 2025 07:49 PM
Noida News: नोएडा से सटे एनएच नौ पर रफ्तार का कहर देखने को मिला है। नोएडा के थाना सेक्टर-58 क्षेत्र के सेक्टर-62 में एक तेज रफ्तार कार ने ई रिक्शा चालक को टक्कर मार दी। जिसकी लोग मदद ही कर रहे थे, तभी दूसरी कार ने उन लोगों समेत कई बाइकों को टक्कर मार दी। इस हादसे में घायल ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं बाइक सवार बाल-बाल बच गए। नोएडा पुलिस कार चालक को हिरासत में लेकर जांच कर रही है।
नोएडा के एनएच नौ पर रात 12 बजे हुआ हादसा
नोएडा की थाना सेक्टर-58 पुलिस को रविवार रात करीब 12 बजे हाईवे पर हादसे की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर जाकर देखा तो एक कार और ई-रिक्शा की भिड़ंत के बाद ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायलावस्था में था। उसे फौरन अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसे दिल्ली रेफर कर दिया। जहां उसका उपचार चल रहा है। ई-रिक्शा से टकराने वाली कार के स्वामी दिल्ली के मानसरोवर पार्क निवासी अजय कुमार मिश्रा ने पुलिस को बताया कि वह रविवार रात वह सेक्टर-75 में रहने वाली बेटी के यहां से कार द्वारा दिल्ली जा रहे थे। हाईवे पर विपरीत दिशा में सामने से ई-रिक्शा आ रहा था। उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन ई-रिक्शा चालक नशे में था। इसके चलते हादसा हो गया।
मदद के लिए रुके वाहनों से टकराई दूसरी कार
पुलिस का कहना है कि हादसे के बाद वहां से गुजर रहे दोपहिया वाहन चालक मदद के लिए रुक गए थे। तभी एक जीप कार के चालक ने तेजी और लापरवाही से चलाते हुए उनके दोपहिया वाहनों में टक्कर मारकर दी। इसके चलते 10 से अधिक वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि इस हादसे के दौरान कोई व्यक्ति उसकी चपेट में नहीं आया। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। आरोपी कार चालक की पहचान ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के गांव भनौता निवासी दीपक कुमार के रूप में हुई है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में पता चला कि गाड़ी एक प्राइवेट कंपनी की है। दीपक कंपनी में उस गाड़ी को चलाता है। पुलिस जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
नोएडा की एमएनसी कंपनी के कर्मचारी की हुई मौत
नोएडा के फेज-दो क्षेत्र स्थित एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में काम करने वाले कर्मचारी की सड़क हादसे में घायल होने के डेढ़ माह बाद मौत हो गई है। परिजनों ने नोएडा के फेज-दो थाने में अब एफआईआर दर्ज कराई है। परिजनों के मुताबिक, ओडिशा के जिला केंद्रापला निवासी चंद्रकांता बारिक ने का बड़ा भाई सूर्यकांत बारिक भंगेल गांव स्थित एक घर में किराए पर करीब पांच वर्षों से रहते थे। वह फेज-दो क्षेत्र स्थित एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में काम करते थे। 18 मई को रविवार होने के चलते कंपनी बंद थी। वह शाम के समय गांव स्थित घर से अपने परिचित से मिलने के लिए बाइक द्वारा गए थे। रात 11.30 बजे गेझा गांव में शनि मंदिर के पास उनके भाई की बाइक में अज्ञात वाहन द्वारा टक्कर मार दी। इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें स्थानीय लोगों ने यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से चिकित्सकों ने उन्हें रेफर कर दिया। परिजन उन्हें घायल अवस्था में लेकर ओडिशा के कटक स्थित एसीबीसी अस्पताल चले गए। जहां उपचार के दौरान नौ जून को उनकी मौत हो गई।