आज से अंतिम निवास में गूंजेगा महामृत्युंजय मंत्र का जाप !
Noida News
नोएडा
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 09:15 AM
नोएडा
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 09:15 AM
Noida News : ऊँ त्र्यम्बकं यजामहे सुगन्धिं पुष्टिवर्धनम। उर्वारुकमिव बन्धनान्मृत्योर्मुक्षीय मामृतात॥ लोगों को गंभीर रोगों तथा अकाल मौत से बचाने का जीवनदायिनी शंकर भगवान का महामृत्युंजय मंत्र का जाप अब नोएडा के अंतिम निवास (श्मशान घाट) में भी अनवरत गूंजेगा। नोएडा के निवासियों को निरोग रखने तथा रोग व अकाल मौत से बचाने की कामना को लेकर सेक्टर-94 स्थित अंतिम निवास पर महामृत्युंजय जाप शुरू होगा। यह जाप रोजाना सालों-साल अनवरत चलता रहेगा।
अंतिम निवास को रमणीक व अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस करने में दशकों से जुटी संस्था नोएडा लोक मंच ने आज से अब महामृत्युंजय जाप शुरू करने की तैयारी की है। नोएडा लोकमंच के महासचिव महेश सक्सेना ने बताया कि आज अंतिम निवास परिसर में शिव शंकर कृपा निवास का शुभारंभ किया जा रहा है। जहां पर रोजाना चित्रकूट के प्रकाण्ड पंडितों के द्वारा सुबह 6-9 बजे तथा शाम को 6-8 बजे तक महामृत्युंजय जाप किया जाएगा। इस बीच की अवधि के दौरान स्पीकर के जरिए लगातार महामृत्युंजय मंत्र की ध्वनि बजती रहेगी। उन्होंने बताया कि रोजाना करीब 4-5 माला इस मंत्र का जाप होगा। इस तरह 60 दिनों यानी करीब दो माह में सवा लाख महामृत्युंजय का जाप होगा। सवा लाख मंत्र का जाप पूरा होने पर उद्यापन किया जाएगा। यह प्रक्रिया अनवरत रहेगी।
श्री सक्सेना ने बताया कि यदि किसी के घर में कोई व्यक्ति गंभीर बीमारी से पीडि़त है तथा वह महामृत्युंजय जाप कराना चाहता है। तो वह पीडि़त व्यक्ति की फोटो तथा उसका विवरण लेकर अंतिम निवास आ जाए। उनका भी प्रकांड पंडितों द्वारा महामृत्युंजय जाप करा दिया जाएगा ताकि वे स्वस्थ्य हो सकें तथा अकाल मौत आदि से उबर सकें। यह कार्य आमजन हिताय व मानवता के निहितार्थ किया जा रहा है।
शहर के गणमान्य लोगों ने इस पहल की काफी सराहना की तथा कहा कि सेक्टर-94 का अंतिम निवास शायद देश का पहला श्मशन होगा जहां पर अन्य अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ महामृत्युंजय का जाप हमेशा गूंजेगा।
बता दें कि अंतिम निवास में अंतिम क्रिया की वीडियोग्राफी, पार्थिव शरीर को स्नान कराने के लिए कई पवित्र नदियों के जल से युक्त जलाशय, स्पीकर से हमेशा धार्मिक कीर्तन-भजन तथा लकड़ी के अलावा सीएनजी शवदाह की भी व्यवस्था है। Noida News