Noida News (चेतना मंच)। जालसाज आए दिन नए-नए तरीके से लोगों को अपना शिकार बनाकर उन्हें ठगने का काम कर रहे हैं। गरीब बच्चों की पढ़ाई में मेडिकल संबंधी मदद के नाम पर जालसाज ने एक व्यक्ति से दो हजारों रुपये हड़प लिए। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ नोएडा के थाना सेक्टर-20 में मुकदमा दर्ज कराया है।
नोएडा के सेक्टर-27 निवासी संदीप कुमार ने पुलिस से की शिकायत में बताया कि विगत 7 जनवरी को उसके मोबाइल फोन पर एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने अपना नाम मोहन बताते हुए बताया कि वह गेट फिट एंड स्टडी नाम से एनजीओ चलाता है। इस एनजीओ के द्वारा गरीब बच्चों को पढ़ाई व मेडिकल संबंधी मदद दी जाती है। उसने गरीब बच्चों का हवाला देते हुए एनजीओ में डोनेशन किए जाने की बात कही। मोहन ने बताया कि उसके द्वारा दान दी गई धनराशि पर आयकर की धारा 80जी के तहत टैक्स में भी राहत मिलेगी।
संदीप कुमार के मुताबिक उन्होंने जब डोनेशन की इच्छा जताई तो उक्त व्यक्ति ने उन्हें बैंक ऑफ़ महाराष्ट्र का खाता नंबर दिया। इसके बाद उन्होंने उक्त खाते में अपने एक्सिस बैंक से 2000 रूपये गूगल पे के माध्यम से ट्रांसफर कर दिए। पैसे ट्रांसफर करने के बाद उन्होंने जब मोहन नामक व्यक्ति से दान दी गई धनराशि की स्लिप मांगी तो उक्त व्यक्ति ने अपना फोन बंद कर लिया।
संदेह होने पर उन्होंने जब ऑनलाइन एनजीओ के बारे में छानबीन की तो उसके बारे में कुछ भी पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने अकाउंट की आईएफएससी को सर्च किया तो पता चला कि उक्त बैंक खाता झारखंड का है। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित संदीप कुमार सिंह की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
ग्रेटर नोएडा - नोएडा की खबरों से अपडेट रहने के लिए चेतना मंच से जुड़े रहें। देश-दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमें फेसबुकपर लाइक करें या ट्विटरपर फॉलो करें।