विज्ञापन
नोएडा शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाएं एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं। दिनदहाड़े हो रही वारदातें और अपराधियों का बेखौफ अंदाज आम लोगों में चिंता बढ़ा रहा है। ऐसी हर छोटी-बड़ी घटना की सटीक, ताजा और निष्पक्ष जानकारी अब चेतना मंच आपके लिए लेकर आएगा।

Noida News : नोएडा शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाएं एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं। दिनदहाड़े हो रही वारदातें और अपराधियों का बेखौफ अंदाज आम लोगों में चिंता बढ़ा रहा है। ऐसी हर छोटी-बड़ी घटना की सटीक, ताजा और निष्पक्ष जानकारी अब चेतना मंच आपके लिए लेकर आएगा। हमारा प्रयास है कि हर खबर बिना किसी डर या पक्षपात के सीधे आपके सामने पहुंचे, ताकि आप अपने शहर की सच्चाई से लगातार अपडेट रह सकें। Noida News
नोएडा (चेतना मंच)। थाना फेस दो क्षेत्र के याकूबपुर गांव से एक युवक किशोरी को बहला फुसलाकर कर भगा ले गया। किशोरी के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। याकूबपुर गांव में किराए पर रहने वाले मनोज (काल्पनिक नाम) ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसकी नाबालिक बेटी 18 मार्च को घर से बिना बताए चली गई थी। काफी तलाशने पर भी जब वह नहीं मिली तो थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई। कुछ समय बाद पुलिस ने उसकी बेटी को बरामद कर लिया था। उनकी बेटी को बदायूं का रहने वाला अंकित ठाकुर भगाकर ले गया था। पीडि़त के मुताबिक शैक्षणिक कागजातों में उसकी बेटी की उम्र 17 साल 9 महीने हैं। पुलिस का कहना है कि पीडि़त की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ संबंधित धारा में मामला दर्ज कर लिया गया है। Noida News
नोएडा (चेतना मंच)। छात्रों, युवाओं तथा नौकरीपेशा लोगों को ओजी गांजा की सप्लाई करने वाले तीन गांजा तस्करों को पुलिस ने अलग-अलग स्थान से गिरफ्तार किया है। इनके पास से ओजी गांजा बरामद हुआ है। थाना सेक्टर-126 प्रभारी ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने सेक्टर-94 स्थित कब्रिस्तान के पास कार से दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी होंडा सिटी कार के भीतर बैठकर ओजी गांजा की पैकिंग कर रहे थे। आरोपियों के पास से 500 ग्राम ओजी गांजा बरामद हुआ है। थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए गांजा तस्करों के नाम शिवम कुंवर व नितिन चौहान हैं। दोनों आरोपियों ने बताया कि वह ओजी गांजा को यूनिवर्सिटी के छात्रों, पीजी में रहने वाले युवकों तथा नौकरीपेशा लोगों को बेचते हैं। वह व्हाट्सएप और मोबाइल फोन पर ऑर्डर मिलने के बाद ओजी गांजा को पोर्टर एप के जरिए डिलीवर करते थे। डिलीवरी देने से पहले ही वह एडवांस पैसे ऑनलाइन मंगवा लेते थे। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन को खंगालने पर उसमें से गांजा की डिलीवरी व पेमेंट की जानकारियां मिली हैं। वहीं थाना फेस दो प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान पुस्ता रोड गंदे नाले के किनारे संदिग्ध अवस्था में घूम रहे सुमित को हिरासत में लिया। तलाशी में इसके पास से 850 ग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपी ने बताया कि वह मूल रूप से जनपद बुलंदशहर का रहने वाला है और हाल में तिलपता गांव की वंदना वाटिका कॉलोनी में रह रहा है। वह दिल्ली से गांजा खरीद कर लाता है और नशे के आदी लोगों को उसकी बिक्री करता है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है। Noida News
ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। जनपद गौतमबुद्धनगर परिवार न्यायालय के वरिष्ठ सहायक लिपिक ने एक अधिवक्ता के खिलाफ थाना सूरजपुर में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपी अधिवक्ता न्यायालय परिसर से वैवाहिक वाद की पत्रावली को उठाकर ले गया था। सूरजपुर स्थित परिवार न्यायालय के वरिष्ठ सहायक लिपिक मुल्कराज सिंह पटेल ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि न्यायालय में एक वैवाहिक वाद चल रहा है। इस वाद में एक पक्ष के अधिवक्ता अंशुल कुमार शर्मा वाद की पत्रावली को उठाकर ले गए। इस बात की जानकारी मिलने पर उन्होंने जब अधिवक्ता से पत्रावली वापस मांगी तो उन्होंने कहा कि उनके क्लाइंट ने उन्हें पूरी फीस नहीं दी है। पूरी फीस मिलने पर ही वह पत्रावली वापस करेंगे। वरिष्ठ सहायक लिपिक के मुताबिक कई बार उन्होंने अधिवक्ता से पत्रावली वापस करने को कहा लेकिन उन्होंने पत्रावली वापस नहीं दी। इस संबंध में जनपद दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन गौतमबुद्धनगर को 16 अप्रैल को लिखित में इस मामले की जानकारी दी गई। पत्रावली वापस न मिलने पर 17 अप्रैल को जनपद न्यायाधीश ने उक्त प्रकरण में रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश जारी किए। पुलिस का कहना है कि अधिवक्ता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच पड़ताल की जा रही है। Noida News
ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। बीटा-2 थाना पुलिस की सोमवार देर रात चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घायल बदमाश शातिर चेन स्नैचर बताया जा रहा है, जिस पर गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
ग्रेटर नोएडा जोन के एडीसीपी सुधीर कुमार के अनुसार, बीटा-2 थाना पुलिस ओमेक्स गोल चक्कर के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध युवकों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वे भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल होकर गिर पड़ा, जबकि दूसरा फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, घायल बदमाश की पहचान सोनू श्रीवास्तव पुत्र तुलसी, निवासी ग्राम घटकना (जनपद हमीरपुर) के रूप में हुई है। उसके पास से एक तमंचा, जिंदा कारतूस, चोरी की अपाचे बाइक और लूटी गई सोने की चेन बरामद हुई है। पूछताछ में सोनू ने बताया कि फरार बदमाश उसका सगा भाई मोनू श्रीवास्तव है। दोनों भाई हाल में भंगेल में किराए पर रह रहे थे और चोरी की बाइक से चेन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देते थे। एडीसीपी ने बताया कि दोनों आरोपी शातिर अपराधी हैं और राह चलते लोगों को निशाना बनाते थे। 11 अप्रैल को जगत फार्म मार्केट में एक महिला से चेन लूट की घटना में भी ये वांछित थे। सोनू श्रीवास्तव के खिलाफ गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में 13 मुकदमे दर्ज हैं और उस पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है। Noida News
विज्ञापन
विज्ञापन