
CM Yogi In Noida : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज नोएडा में है। उनका यहां दिनभर का कार्यक्रम है। इस बीच उनके कार्यक्रम के लिए बांटा गया सरकारी निमंत्रण पत्र चर्चा का विषय बन गया है। इस निमंत्रण पत्र में बड़ी बड़ी गलतियां सामने आई है। निमंत्रण पत्र उत्तर प्रदेश सरकार, नोएडा प्राधिकरण व ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के logo (प्रतीक चिन्ह) के साथ छपा है।
दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आज नोएडा में 1718 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण करना है। शिलान्यास व लोकार्पण का मुख्य समारोह नोएडा स्टेडियम में होना है। सब जानते हैं कि नोएडा स्टेडियम नोएडा के सेक्टर 21 ए में स्थित है किंतु सरकारी निमंत्रण पत्र में नोएडा स्टेडियम का सेक्टर 25ए लिखा गया है। इस निमंत्रण को पढ़ने वाले कंफ्यूज हैं कि उन्हें कार्यक्रम के लिए सेक्टर 21ए में जाना है अथवा सेक्टर 25ए में जाना है।
इतना ही नहीं पूरे निमंत्रण पत्र में कहीं भी कार्यक्रम का समय ही नहीं लिखा गया है। अब भला बेचारे निमंत्रण पत्र लिए हुए घूम रहे लोग किस समय कार्यक्रम में जाएं यही सवाल पूछते घुम रहे हैं। इस निमंत्रण पत्र में हुई गलती को ट्विटर पर भी उठाया जा रहा है। ट्विटर के एक यूजर व वरिष्ठ पत्रकार विनोद शर्मा ने लिखा है कि मुख्यमंत्री योगी कि जनसभा के कार्ड में इतनी बड़ी गलती किसकी चूक है ? उन्होंने अपने ट्विट के जरिए मुख्यमंत्री से लेकर नोएडा प्राधिकरण के तमाम अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया है।
एक अन्य रवि वर्मा नामक यूजर ने लिखा है कि इतने उच्च स्तरीय कार्यक्रम में आंखें बंद करके काम करने वाले अधिकारियों की कार्यशैली का इस निमंत्रण से बखूबी पता चल रहा है। CM Yogi In Noida