Noida News: पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने महिला सुरक्षा को लेकर मिशन शक्ति के अंतर्गत एक नई पहल की शुरुआत की है। इस अभियान को पूरे जिले में सकुशल चलाने के लिए डीसीपी महिला सुरक्षा (नोएडा कम्युनिटी पुलिसिंग) श्रीमती प्रीति यादव के पर्यवेक्षण में एसीपी-ती नोएडा सुश्री ट्विंकल जैन को निर्देश दिए हैं। अब पुलिस कमिश्नर की टीम ने नोएडा जोन के स्कूल्स, कॉलेज और आरडब्लूए में विशेष जागरूकता कार्यक्रम की सीरीज की शुरुआत की गई है।
सजग, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है संकल्प
इस अभियान की पहली कड़ी में नारी प्रगति सोशल फाउंडेशन के सहयोग से स्कूल, कॉलेज में पढ़ने वाली छात्राओं व विभिन्न सोसायटियों, ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाली बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, महिला अपराधों से जुड़े कानूनी प्रावधानों तथा विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी देकर उन्हें अधिक सजग, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है। इस पहल के तहत विशेषज्ञों व काउंसलरों के सहयोग से छात्राओं को सिर्फ कानूनी जानकारी ही नहीं, बल्कि खुली बातचीत, सवाल-जवाब सत्र, केस स्टडीज और प्रेरक कहानियों के माध्यम से जीवन की व्यावहारिक चुनौतियों को समझने व उनसे निपटने की व्यवाहारिक जानकारी दी गई।
कार्यक्रमों में पॉक्सो एक्ट से जुड़े प्रावधानों पर होगी चर्चा
कार्यक्रम का मुख्य विषय पॉक्सो एक्ट से जुड़े प्रावधानों पर चर्चा एवं हायर शिक्षा पूर्ण करने का महत्व रहा। काउंसलर्स की टीम के साथ बालिकाओं से निरंतर संवाद स्थापित किया जाएगा, जिससे वह कभी भी कहीं भी अपनी समस्याओं को साझा कर पाएंगी। पुलिस प्रशासन द्वारा किशोरियों के मार्गदर्शन, संवाद व संरक्षण की आवश्यकता को गंभीरता से महसूस करते हुए इस अभियान की शुरूआत की गई है।
जीवन कौशल के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
यह अभियान पुलिस कमिश्नरेट की उस जनकल्याणकारी सोच और महिला सुरक्षा के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण का हिस्सा है, जिसके अंतर्गत बालिकाओं को केवल कानून की जानकारी ही नहीं, बल्कि उन्हें सुरक्षा, आत्मसम्मान और सामाजिक मजबूती का अहसास भी कराया जाता है। यह पहल छात्राओं/बालिकाओं को सही दिशा में कदम उठाने, आत्मविश्वास बढ़ाने, समाज में सुरक्षित स्थान दिलाने व मनोसामाजिक मजबूती और जीवन कौशल के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।Noida News