चौकसी के बावजूद नहीं थम रहा अपराधों का सिलसिला, एक साथ पढ़े Crime News
भारत
चेतना मंच
05 Aug 2025 01:53 PM
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता लगातार गहराती जा रही है। पुलिस की रात्रि गश्त, चेकिंग अभियान और समय-समय पर की जा रही कार्रवाईयों के बावजूद अपराध पर लगाम लगता नजर नहीं आ रहा। चोरी, लूट, ठगी और मारपीट जैसी घटनाएं अब आम होती जा रही हैं। ऐसे में चेतना मंच रोजाना आपके लिए ताजा खबरें लेकर आता है ताकि आप सतर्क रहें। Noida Samachar
शराबी पत्नी ने छुड़ाए पति के पसीने
अक्सर आपने पतियों द्वारा शराब के नशे में पत्नियों के साथ गाली गलौज व मारपीट करने की घटनाएं सुनी होगी, लेकिन एक ऐसा अजीबोगरीब मामला प्रकाश में आया है जिसमें पति अपनी शराबी पत्नी से खासा प्रताड़ित है। शराब की आदी पत्नी की गालियों से त्रस्त होकर पति ने उसके खिलाफ थाना एक्सप्रेस में मुकदमा दर्ज कराया है।
थाना एक्सप्रेस-वे क्षेत्र की एक सोसायटी में रहने वाले राकेश (काल्पनिक नाम) ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 10 अप्रैल 2024 को उसकी शादी कानपुर निवासी सोनिया (काल्पनिक नाम) के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही उसकी पत्नी शराब का सेवन करने लगी। शराब के नशे में वह उसके साथ आए दिन अभद्र व्यवहार करती थी। उसकी हरकतों से परेशान होकर वह उसे उसके मायके छोड़ आया। इसके बाद वह नोएडा की एक सोसायटी में आकर रहने लगा। इस दौरान भी उसकी पत्नी उसे फोन कर अक्सर परेशान करती थी। राकेश के मुताबिक उसकी पत्नी आए दिन उसे फोन कर गंदी-गंदी गालियां देती है। पीड़ित ने अपनी पत्नी द्वारा दी जा रही गालियों से संबंधित एक रिकॉर्डिंग भी पुलिस को सौंपी है। पुलिस ने पीड़ित पति की शिकायत पर उसकी पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मोबाइल छीन कर फरार
थाना सेक्टर-63 क्षेत्र के सेक्टर-62 में बाइक सवार बदमाश एक व्यक्ति से मोबाइल फोन छीन कर फरार हो गए। पीड़ित ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
सेक्टर-63 की एक कंपनी में जॉब करने वाले सनी यादव ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 24 जुलाई की सुबह वह सेक्टर-62 मेट्रो स्टेशन से सेक्टर-63 स्थित अपनी कंपनी के ऑफिस के लिए पैदल जा रहा था। वह जैसे ही बी ब्लॉक के पास पहुंचा तो पीछे से बाइक पर आए दो बदमाशों ने उसके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया। उसने बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन बदमाश तेज गति में बाइक दौड़ाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
जोमैटो का डिलीवरी ब्वॉय हादसे में घायल
ग्रेटर नोएडा के थाना बिसरख क्षेत्र में पंचशील ग्रीन-2 के सामने कार चालक ने जोमैटो के डिलीवरी ब्वॉय को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से डिलीवरी ब्वॉय गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक उसे बेहोश छोड़कर मौके से फरार हो गया।
मूल रूप से जनपद संभल का रहने वाला ललतेश पाल हाल में अपने परिवार के साथ बिसरख गांव में किराए पर रह रहा है। ललतेश पाल जोमैटो में डिलीवरी ब्वॉय का काम करता था। 3 अगस्त को वह जोमैटो की डिलीवरी करने के लिए अपनी बाइक से जा रहा था। पंचशील ग्रीन सेकंड के सामने तेज रफ्तार में आ रहे कार चालक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से ललतेश गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। ललतेश को गंभीर हालत में यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है। इस संबंध में ललतेश के पिता तेजपाल सिंह ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। तेजपाल सिंह के मुताबिक प्रत्यक्षदर्शियों ने उन्हें बताया कि हादसे के समय कार चालक शराब के नशे में था। पुलिस ने तेजपाल सिंह की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस कार नंबर के आधार पर आरोपी चालक की तलाश कर रही है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत
जनपद में लापरवाह वाहन चालकों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। देर रात्रि अपने घर लौट रहे एक युवक को अज्ञात वाहन चालक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में घायल हुए युवक की अस्पताल में मौत हो गई।
थाना बिसरख क्षेत्र के खाटू श्याम कॉलोनी में रहने वाले अमर सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 1 अगस्त की रात्रि को उनके पास किसी व्यक्ति का फोन आया। उक्त व्यक्ति ने बताया कि उनके बेटे अमर का एक्सीडेंट हो गया है और वह बिसरख हॉस्पिटल में भर्ती है। जब वह बिसरख स्थित अस्पताल पहुंचे तो उन्हें पता चला कि उनके बेटे अमर को सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल ले जाया गया है। जिला अस्पताल पहुंचने पर उन्हें पता चला कि उनके बेटे की मृत्यु हो गई है। तेजपाल सिंह ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
दोस्ती तोड़ना युवती को पड़ा महंगा
एक युवती को युवक से अपनी दो साल पुरानी दोस्ती तोड़ना महंगा पड़ गया। युवती द्वारा बात करना बंद किए जाने के बाद युवक उसे तरह-तरह से परेशान करने लगा। युवक की हरकतों से परेशान होकर युवती ने थाना ईकोटेक-3 में मुकदमा दर्ज कराया है।
हल्द्वानी में रहने वाली विमलेश (काल्पनिक नाम) ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसकी पिछले 2 वर्षों से सुंदरम नाम के युवक से दोस्ती थी। सुंदरम की हरकतों से परेशान होकर उसने बात करनी बंद कर दी थी। उसके द्वारा बात बंद किए जाने के बावजूद भी सुंदरम उसे तरह-तरह से परेशान करने लगा। आए दिन सुंदरम उसका पीछा कर उससे बात करने का प्रयास करता था। विमलेश के मुताबिक 1 अगस्त को वह अपने ऑफिस गई थी। इस दौरान सुंदरम ने उसके बॉस के मोबाइल फोन पर कॉल कर कहा कि विमलेश की मम्मी की तबीयत खराब है इसलिए विमलेश को वह बाहर भेज दें। विमलेश के मुताबिक उसने अपने पापा को फोन किया तो उन्होंने ऑफिस से बाहर आने के लिए मना किया। इसके बाद वह शाम के समय अपने पापा के साथ ऑफिस से घर पहुंची। विमलेश के मुताबिक सुंदरम आए दिन उसका पीछा व फोन कर उसे परेशान कर रहा है। सुंदरम की हरकतों की वजह से उसका बाहर निकलना भी बंद हो गया है। पुलिस का कहना है कि पीडि़ता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश की जा रही है।
कंपनी में चल रहा है सेक्स स्कैम!
ईकोटेक-3 स्थित एक कंपनी में अप्रेंटिस कर रही युवती ने कंपनी के सुपरवाइजर पर गंभीर आरोप लगाया है। युवती का आरोप है कि सुपरवाइजर उस पर जबरन कंपनी के एक अधिकारी से फ्रेंडशिप करने और टूर पर ले जाने का दबाव बना रहा है। उसके द्वारा इनकार करने पर उसे कंपनी से जबरन निकाल दिया गया।
चिपियाना बुजुर्ग में रहने वाली सोनम (काल्पनिक नाम) ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह सेक्टर ईकोटेक-3 में अपने भाई के साथ पिछले 6 महीने से अप्रेंटिस कर रही है। शुरुआती एक महीने में ही कंपनी ने उसके भाई को बिना कोई कारण बताए निकाल दिया था। कंपनी से भाई को निकालने के बाद सुपरवाइजर राजाराम ने उसके सामने कंपनी के एक अधिकारी से फ्रेंडशिप करने का प्रस्ताव रखा। इस पर उसने इंकार कर दिया। इसके बाद उस पर टूर पर ले जाए जाने का दबाव बनाया जाने लगा। इस बारे में उसने अपने परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद उसके पिता कंपनी में आए और एचआर ऑफिस में जीएम अश्विनी शर्मा, अतेंद्र मिश्रा से मिले और उन्हें सारी बातें बताई। सोनम के मुताबिक एच आर ऑफिस के जीएम ने सुपरवाइजर के खिलाफ कोई कार्रवाई करने के बजाय उल्टा उसके पिता से उसे ही कंपनी ना भेजने की हिदायत दे दी। उसके पिता द्वारा पूरे मामले की शिकायत करने के बाद उसे कंपनी से निकाल दिया गया।
सोनम का आरोप है कि कंपनी के अंदर सेक्स स्कैम चल रहा है। यहां पहले लड़कियों की प्राइवेट जानकारी ली जाती है। इसमें उनके बॉयफ्रेंड वगैरा की जानकारी भी ली जाती है। जानकारी लेने के बाद उन्हें सैलरी से अलग हर महीने चार या पांच हजार रुपए अलग से दिए जाने का ऑफर दिया जाता है। सोनम का आरोप है कि उसे भी सैलरी से अलग पैसे दिए जाने का ऑफर दिया गया था जिसे उसने मानने से इंकार कर दिया। उसके बाद उसे कंपनी से निकाल दिया गया। सोनम का कहना है कि कंपनी के सुपरवाइजर राजाराम व कल्याणी कंपनी में आने वाली युवतियों पर इस तरह का काम करने के लिए दवाब बनाते हैं। जो लड़की उनकी बात नहीं मानती उसे नौकरी से निकाल दिया जाता है।
थाना ईकोटेक-3 प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर कंपनी के सुपरवाइजर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच पड़ताल की जा रही है।
थाना सूरजपुर क्षेत्र में स्थित जिला न्यायालय के बाहर से चोरों ने एक अधिवक्ता की आई-10 कार पर हाथ साफ कर दिया। अधिवक्ता ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
ग्राम चांदपुर निवासी चमन सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह पेशे से अधिवक्ता है और सूरजपुर स्थित जिला न्यायालय में विधि व्यवसाय करते हैं। 19 जुलाई को उन्होंने अपनी आई-10 कार न्यायालय के गेट नंबर-1 के पास बाहर खड़ी की थी। शाम के समय जब वह अपने चैंबर को बंद कर घर जाने के लिए बाहर आए तो उनकी कार गायब थी। उन्होंने अपनी कार को आसपास काफी तलाश किया लेकिन कोई पता नहीं चला। पुलिस का कहना है कि पीड़ित अधिवक्ता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और चोरों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
ट्रक ने ली दो गौवंश की जान
ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र के हॉलैंड चौराहे पर तेज गति में आ रहे ट्रक ने तीन गायों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो गायों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि तीसरी गाय गंभीर रूप से घायल हो गई। इस हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
तुस्याना गांव के चौकीदार खुशीराम ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह 4 अगस्त की सुबह आवश्यक कार्य से पुलिस लाइन होते हुए सूरजपुर जा रहा था। सुबह 5 बजे चार मूर्ति की तरफ से तेज गति में आ रहे कंटेनर ट्रक ने हॉलैंड चौराहे के पास खड़ी तीन गायों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो गायों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि तीसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। खुशीराम के मुताबिक ट्रक चालक मौके पर रुकने की बजाय घायल गाय को तड़पता छोड़कर अपने ट्रक को लेकर भाग गया। यह घटना पास ही लगे सीसीटीवी में भी रिकॉर्ड हो गई। थाना प्रभारी ने बताया कि चौकीदार खुशीराम की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। चौकीदार द्वारा उपलब्ध कराए गए ट्रक नंबर के आधार पर आरोपी चालक की तलाश का प्रयास किया जा रहा है। वही गायों की मौत से लोगों में रोष व्याप्त हो गया था। Noida Samachar