नोएडा में प्रेमी के धोखे से निराश महिला वकील ने दी जान, मामला दर्ज
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 03:08 AM
उत्तर प्रदेश के नोएडा में प्रेमी द्वारा शादी का वादा तोड़ने से नाराज़ होकर एक महिला वकील ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। यह घटना सेक्टर-39 थाना क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। Noida News
मूल रूप से बिहार के रहने वाले 24 वर्षीय युवती ने पिछले साल फरीदाबाद के एक विश्वविद्यालय से एलएलबी की डिग्री प्राप्त की थी। पढ़ाई पूरी करने के बाद वह दिल्ली के पंचशील पार्क में एक कंपनी में इंटर्नशिप कर रही थी। इसके बाद वह सेक्टर-76 के आम्रपाली सिलिकॉन सिटी में रहने वाले अभिप्रव सिंह के संपर्क में आई।
दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम में बदल गई। लगभग एक साल पहले, अभिप्रव ने युवती से शादी का वादा किया, लेकिन बाद में उसने चोरी-छुपे उसका वीडियो बना लिया और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान किया।
जब शिकायतकर्ता (युवती के पिता) को इस बात का पता चला, तो उन्होंने अभिप्रव से बात करने का फैसला किया। बातचीत के दौरान, अभिप्रव ने कहा कि वह अपनी शादी शिकायतकर्ता की बेटी से ही करेगा। लेकिन बाद में पता चला कि उसकी शादी मई 2025 में किसी अन्य युवती से तय हो चुकी है। Noida News
शिकायतकर्ता ने युवती को समझाने की कोशिश की, परंतु बात बिगड़ गई। अभिप्रव ने गाली-गलौज की और कहा कि उसकी जैसी लड़की को जीने का कोई अधिकार नहीं है। इससे अंदर से टूट चुकी युवती ने घर की दूसरी मंजिल पर जाकर पंखे से फंदा लगा लिया। मृतका के पिता ने बताया कि युवती ने लगभग शाम चार बजे आत्महत्या की थी, पर परिवार के सदस्य ढाई घंटे बाद जब दूसरी मंजिल पर पहुंचे, तो घटना का पता चला। युवती के कमरे का दरवाजा खुला था और उसने फंदा लगा रखा था। Noida News
पुलिस और जांच
मृतका के पिता की शिकायत पर सेक्टर-39 थाना पुलिस ने आरोपी अभिप्रव के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने युवती के कमरे से एक डायरी भी बरामद की है, जिसमें उसने अपनी बातों को दर्ज किया है।Noida News