
नोएडा मेट्रो न्यूज (चेतना मंच)। नोएडा मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों को नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन दीपावली का एक खास तोहफा देने जा रहा है। नोएडा मेट्रो स्टेशन से बाहर निकलने के लिए अब यात्रियों को अपने घर जाने के लिए किसी तरह के वाहन का इंतजार नहीं करना पड़ेगा, बल्कि नोएडा मेट्रो की तरफ से एक ऐसी सर्विस शुरू की जा रही है कि आप मेट्रो स्टेशन से बाहर निकलते ही अपने घर तक आसानी से पहुंच सकेंगे।
दरअसल, अब आप मेट्रो में सफर करने के दौरान ही अपने घर तक जाने के लिए वाहन बुक कर सकेंगे। इससे आपको मेट्रो ट्रेन से उतरकर गंतव्य जाने के लिए किराये के वाहनों की तलाश में समय बर्बाद नहीं करना पड़ेंगा। नोएडा मेट्रा रेल कॉर्पोरेशन (एनएमआरसी) अब ओला, उबर तथा बाइक राइड सर्विस कंपनियों की तर्ज पर अपनी मल्टी मॉडल इंटीग्रेशन एंड्रायड ऐप लांच करने जा रहा है। इसके तहत यहां चलने वाले ई-रिक्शा, ऑटो बैटरी चालित वाहन, बस, ओला, उबर, टैक्सी, ई-साइकिल सभी को एक प्लेटफार्म पर लाकर एक ऐप बनाया जाएगा। यह ऐप नोएडा मेट्रो में सफर करने वाले व्यक्ति की पहुंच में होगा। इस ऐप के जरिए लोग पहले ही अपने एंड्रायड मोबाइल से वाहन बुक कर सकेंगे।
यह ऐप ट्रांजेक्शन तथा सुरक्षा फीचर से लैस होगा। लांच के पूर्व इस ऐप का नोएडा प्राधिकरण के सीईओ के सामने प्रजेंटेंशन भी किया जाएगा। इसके बाद इसे हरी झंडी दी जाएगी। इस ऐप को गूगल प्ले स्टोर से भी अपलोड किया जा सकेगा।
आपको बता दें कि एनएमआरसी की पूर्व प्रबंध निदेशक रितु माहेश्वरी ने जून 2023 में इस ऐप को लांच करने की पहल शुरू की थी। उन्होंने इसको लेकर आम पब्लिक तथा मेट्रो के मुसाफिरों से सुझाव भी मांगे थे। उन्हीं सुझावों के बाद अब इस ऐप को लांच करने की तैयारी की जा रही है।