नोएडा में कुत्तों का कहर, 31 इलाके घोषित हुए खतरनाक जोन
Noida News
भारत
चेतना मंच
19 Jul 2025 04:13 PM
Noida News :अगर आप नोएडा के सेक्टर-130, सेक्टर-110 या बिसरख इलाके में रहते हैं तो अब आपको बाहर निकलते वक्त सतर्क रहना होगा। स्वास्थ्य विभाग की हालिया रिपोर्ट में सामने आया है कि नोएडा के 31 इलाकों में कुत्तों के काटने की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं, जिसके चलते इन स्थानों को हॉटस्पॉ' घोषित कर दिया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, बिसरख ब्लॉक सबसे ज्यादा प्रभावित है, जहां अकेले 16 इलाके शामिल हैं। सेक्टर-130, नंगली-वाजिदपुर, दुजाना, अच्छेजा, बरौला और सदरपुर जैसे इलाके भी सूची में हैं। एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाने वालों की संख्या में भारी इजाफा हुआ है और जिला अस्पताल में रोज बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।
कुत्तों की नसबंदी और निगरानी तेज
स्वास्थ्य विभाग ने नोएडा प्राधिकरण और एनीमल बर्थ कंट्रोल (ABC) सेंटर के साथ मिलकर इन इलाकों में कुत्तों की नसबंदी और टीकाकरण अभियान को तेज करने का फैसला लिया है। जानकारी के मुताबिक, फिर भी शहर में सिर्फ एक ही एबीसी केंद्र है जो रोजाना 30 कुत्तों की नसबंदी कर पाता है।
पिछले पांच सालों में 36,000 से अधिक आवारा कुत्तों की नसबंदी और टीकाकरण किया गया है। फिर भी हमलों में कमी नहीं आई है। शहर की आरडब्ल्यूए और एओए ने कुत्तों की फीडिंग और टहलाने के नियम बनाए हैं, लेकिन कई बार इन्हें लागू करना मुश्किल हो जाता है। डॉ. टीकम सिंह, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, गौतमबुद्धनगर ने बताया, "हमने सभी 31 हॉटस्पॉट पर नजर रखी है। प्राधिकरण और पशु चिकित्सा विभाग के साथ मिलकर नसबंदी और टीकाकरण किया जा रहा है। उम्मीद है जल्द हालात काबू में होंगे।"