
Elvish Yadav - Menka Gandhi / नोएडा। रेव पार्टियों में सांप के जहर को सप्लाई करने वाले गिरोह से यूट्यूबर एल्विश यादव का नाम जुड़ने के बाद एल्विश यादव के सपोर्टर पीएफए हैड मेनका गांधी को निशाने पर ले लिया है। सोशल मीडिया पर एल्विश यादव के सपोर्टर मेनका गांधी पर कमेंट कर रहे हैं। वहीं इस मामले का खुलासा करने वाले पीएफए आर्गेनाईजेशन के एनिमल वेलफेयर आफिसर गौरव गुप्ता ने कहा है कि पुलिस एल्विश यादव से पूछताछ कर इस मामले की सच्चाई सामने लाए।
मेनका गांधी पर कर रहे हैं कमेंट्स
एल्विश यादव का नाम जहर सप्लाई करने वाले गिरोह से जुड़ने के बाद सोशल मीडिया पर उनके सपोर्ट में हजारों लोग उतर आए हैं और सोशल नेटवर्किंग साइट के माध्यम से वह पीएफए हैड, सांसद मेनका गांधी को लेकर तरह तरह के कमेंट्स कर रहे हैं। इन कमेंट्स में कई भद्दी बातें भी लिखी गई हैं। जिन्हें बेहद आपत्तिजनक माना जा रहा है। मेनका गांधी ने एल्विश यादव को गिरफ्तार करने की मांग करते हुए उन्हें गिरोह का 'किंगपिन' तक कह डाला है। इसके बाद सोशल मीडिया पर मेनका गांधी के खिलाफ कई लोग खुलकर सामने आ गए हैं।
नोएडा के थाना सेक्टर 49 में 5 लोगों के साथ एविल्श यादव यूट्यूबर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने वाले पीएफए आर्गेनाइजेशन के एनिमल वेलफेयर आफिसर गौरव गुप्ता ने चेतना मंच को बताया कि यह पूरा मामला वन्य जीव से जुड़ा हुआ है। हमने एक जानकारी पर रेव पार्टियों और यूट्यूबर्स को सांप का जहर व सांप सप्लाई करने वाले राहुल यादव निवासी गांव मोहडबंद बदरपुर दिल्ली से संपर्क किया। उसके जरिए ही हमें एल्विश यादव यूट्यूबर का नाम पता चला। उन्होंने बताया कि गिरोह के पास से बरामद सभी सांपों का जहर निकाला गया था। गिरोह के सदस्यों से बरामद 20 एमएल जहर को जांच के लिए भेजा गया है।
गौरव गुप्ता ने चेतना मंच को बताया कि हमने इस गोरखधंधे का खुलासा किया है और हम चाहते हैं कि पुलिस इस मामले की तह तक जाए और एल्विश यादव से पूछताछ कर पूरी सच्चाई सामने लाएं। गौरव गुप्ता ने कहा कि अब यह मामला बहुत बड़ा हो गया है। सोशल साइट पर हमारी संस्था की हैड मेनका गांधी को लेकर जो कमेंट किए जा रहे हैं वो आपत्तिजनक है और उन पर आने वाले समय में कानूनी कार्यवाही कराई जाएगी।