नोएडा-ग्रेटर नोएडा की गलियों में अपराधियों का खौफ, एक साथ पढ़े ढे़रों खबरें
Noida Samachar
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 08:15 PM
Noida Samachar: नोएडा और ग्रेटर नोएडा में जुर्म की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। पुलिस की तमाम सख्ती, गश्त और कार्रवाई के बावजूद अपराधी बेलगाम नजर आ रहे हैं। आए दिन चोरी, लूट, ठगी और हिंसक वारदातें सामने आ रही हैं जिससे आम लोगों के मन में दहशत का माहौल है। ऐसे हालात में चेतना मंच आपके लिए लेकर आया है इलाके की सभी बड़ी आपराधिक घटनाओं की एक समग्र रिपोर्ट, ताकि आप हर जरूरी जानकारी एक ही जगह पर पढ़ सकें और अलग-अलग खबरें खंगालने की जरूरत न पड़े।
गंदे नाले के पास मुठभेड़
नोएडा के थाना फेस-1 पुलिस ने मुठभेड़ के बाद अंतरराज्यीय चेन स्नेचर को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। पकड़े गए बदमाश पर विभिन्न थानों में 11 मुकदमें दर्ज हैं। पकड़ा गया बदमाश चोरी की बाइक पर सवार होकर लूट व छीनेती की घटनाओं को अंजाम देता था। इसके पास से तमंचा कारतूस चोरी की बाइक व लूटे गए तीन मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। नोएडा जोन के डीसीपी यमुना प्रसाद ने बताया कि थाना प्रभारी अमित कुमार अपनी टीम के साथ सेक्टर-14 नाले के पास चैकिंग कर रहे थे। इस दौरान पुलिस टीम ने बाइक पर आ रहे एक व्यक्ति को जांच के लिए रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर युवक बाइक को दिल्ली की तरफ जाने वाले गंदे नाले की पटरी की तरफ मोड़कर भागने लगा। बदमाश होने का संदेह में पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। पुलिस को पीछे आता देखकर बाइक सवार ने फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर गया। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया।
डीसीपी ने बताया कि पकड़े गए बदमाश की पहचान संजीव उर्फ गोलू पुत्र राजपाल निवासी दल्लूपुरा न्यू अशोक नगर दिल्ली के रूप में हुई। इसके पास से तमंचा, कारतूस, चोरी की बाइक व तीन मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ में पकड़े गए बदमाश ने बताया कि उसे बरामद मोबाइल फोन उसने थाना सेक्टर 24 तथा थाना फेस वन क्षेत्र से लूटे हैं। बरामद बाइक भी उसने बीते दिनों सेक्टर 11 से चोरी की थी। उन्होंने बताया कि पकड़ा गया संजीव शातिर किस्म का अपराधी है और अवैध असलाह लेकर घूमता है। हथियार के बल पर वह राह चलते लोगों से चेन लूटने की घटनाओं को अंजाम देता है। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
साउंडलेस जेनरेटर को बनाते थे निशाना
रैकी करने के बाद साउंडलेस जेनरेटर के कीमती पार्टस चोरी करने वाले दो बदमाशों की थाना ईकोटेक-3 पुलिस से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से दोनों बदमाश घायल हो गए। सेंट्रल जोन के एडीसीपी हृदेश कठेरिया ने बताया कि पुलिस टीम द्वारा सेक्टर-10 ग्रेटर नोएडा वेस्ट गोल चक्कर पर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। चेकिंग के दौरान बाइक पर आ रहे दो युवकों को पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर युवक सादुल्लापुर गांव की तरफ जाने वाले कच्चे रास्ते की तरफ भागने लगे। पुलिस ने बाइक सवार युवकों का पीछा किया। तेज गति में होने के कारण बाइक सवारों का संतुलन बिगड़ा और बाइक स्लिप होकर गिर गई। खुद को घिरा देखकर बदमाशों ने फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गए।
एडीसीपी ने बताया कि पूछताछ घायल बदमाशों ने अपने नाम पंकज पुत्र राजवीर निवासी बिक्रमगंज जनपद अलीगढ़ व पिंटू पुत्र बाबूराम निवासी डीबाई जनपद बुलंदशहर बताया। घायल बदमाशों के पास से तमंचा, कारतूस, जनरेटर से चोरी किए गए पांच पावर डिस्पले, दो पीसीसी कार्ड, स्क्रू, हथोड़ा, एक पाना बरामद हुआ। पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि वह दिन के समय चोरी की बाइक से घूम कर औद्योगिक व आवासीय सेक्टरों की रेकी करते थे। इस दौरान वह ऐसे साउंडलेस जेनरेटर को चिन्हित करते थे जो बाहर खुले में रखे रहते हैं। रेकी करने के बाद वह रात के समय चोरी करने की घटना को अंजाम देते थे। चंद मिनट में वह जनरेटर के कीमती पार्टस को चोरी कर बाइक से रफू चक्कर हो जाते थे। पकड़े गए बदमाशों ने साउंडलेस जेनरेटर से चोरी करने की कई वरदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया है।
शनि धाम मंदिर के महंत पर हमला
ग्रेटर नोएडा के नवादा गोल चक्कर के सामने स्थित श्री शीतला माता शनि धाम मंदिर के महंत के साथ कुछ युवकों ने मारपीट की। महंत को बचाने जब सेवादार बीच में आए तो आरोपियों ने उन्हें भी मारपीट कर घायल कर दिया। महंत ने थाना सूरजपुर में तीन नामजद सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। महंत राम चैतन्य गिरी ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह पिछले 23 साल से नवादा गोल चक्कर डेल्टा वन मेट्रो स्टेशन के सामने स्थित श्री शीतला माता शनि धाम मंदिर की व्यवस्था देख रहे हैं। 19 जुलाई को प्रशांत उपाध्याय उर्फ राजा, शशि भूषण शर्मा, निरंजन दुबे और अन्य अज्ञात व्यक्ति मंदिर में पहुंचे और उसके साथ अभद्र व्यवहार करने लगे। उसने जब इस बात का विरोध किया तो तीनों आरोपियों व उनके साथियों ने मिलकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उसके दो सेवादार उसे बचाने आए तो आरोपियों ने उन्हें भी मारा पीटा। मारपीट के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि महंत की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
चोरों ने तोड़ा घर का ताला
थाना सूरजपुर क्षेत्र के गोविंद एंक्लेव में रहने वाले एक व्यक्ति के घर से चोरों ने ताला तोड़कर लाखों रुपए के जेवरात व नगदी चोरी कर ली। मूल रूप से मथुरा निवासी पीयूष ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह वर्तमान में गोविंद एंक्लेव में अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रह रहा है। जून माह में उसकी पत्नी व बच्चे पैतृक गांव गए हुए थे। 14 जून की सुबह जब वह ड्यूटी से घर आया तो उसे मकान के दरवाजे पर लगा ताला टूटा हुआ मिला। दरवाजा खोल कर जब वह भीतर गया तो सारा सामान अस्त व्यस्त पड़ा हुआ था। चोर उसके घर से सोने की तीन अंगूठी, मंगलसूत्र, सोने के कुंडल, एक जोड़ी पायजेब व घर में रखे 15 हजार रुपए को चोरी कर ले गए थे। उसने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। पुलिस का कहना है कि पीड़ित की शिकायत पर जांच पड़ताल के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है और बदमाशों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
रोड क्रॉस कर रही युवती को कार ने कुचला
अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों के परिजनों ने दुर्घटनाओं के आरोपी लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। थाना एक्सप्रेस वे क्षेत्र के एडवांट टावर के सामने सडक़ पार कर रही युवती को तेज गति में आ रही कार के चालक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में घायल युवती की उपचार के दौरान मौत हो गई। सोलन (हिमाचल प्रदेश) निवासी जितेंद्र कुमार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 23 जुलाई की रात्रि को उनकी बेटी नीलाक्षी ठाकुर वृंदावन से घूम कर अपने दोस्तों के साथ नोएडा आई थी। वह रात्रि करीब 9:30 बजे एडवांट टावर के सामने बस से उतरी और रोड क्रॉस करने लगी। इस दौरान तेज गति में आ रही कार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। गंभीर स्थिति में नीलाक्षी ठाकुर को उपचार के लिए सेक्टर-168 स्थित मैक्स अस्पताल लाया गया यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं ग्राम जीतगढ़ी जनपद बुलंदशहर निवासी चरण सिंह अपनी पत्नी कमलेश देवी के साथ 20 जुलाई को मोपेड से सूरजपुर में रहने वाले अपने बेटे के पास आ रहे थे। चरण सिंह जैसे ही डेंसो कंपनी के पास पहुंचे तो तेज गति में आ रहे कंटेनर ट्रॉला ने उनकी मोपेड में टक्कर मार दी। इस हादसे में दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें ग्रेटर नोएडा स्थित ग्रीन सिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान कमलेश देवी की मौत हो गई जबकि चरण सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है। इस संबंध में मृतका के पुत्र रामकुमार ने कंटेनर ट्रोला चालक के खिलाफ थाना सूरजपुर में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस का कहना है कि पीड़ितों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और लापरवाह वाहन चालकों की तलाश की जा रही ।
डिलीवरी पार्सल से नया सामान चुराने पर FIR
शैडोफैक्स टेक्नोलॉजीज लिमिटेड कंपनी के डिलीवरी पार्सल में सामान की अदला बदली तथा नए सामान को चोरी करने के आरोप में कंपनी के तीन कर्मचारियों के खिलाफ थाना फेस वन में मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोपी कर्मचारी फ्लिपकार्ट एप्लीकेशन के माध्यम से महंगे सामान को आर्डर करते थे और उसके बाद डिलीवरी बॉय की मदद से रास्ते में उत्पादों की अदला बदली कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। राजीव नगर खोड़ा कॉलोनी गाजियाबाद में रहने वाले चंदन कुमार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह सेक्टर-8 स्थित शैडोफैक्स टेक्नोलॉजीज लिमिटेड कंपनी में हब इंचार्ज के पद पर कार्यरत है। बीते दिनों उसे कंपनी के हेड ऑफिस से जानकारी मिली कि नोएडा स्थित हब में लगातार उत्पादों की अदला बदली और चोरी की घटनाएं हो रही हैं। सूचना के आधार पर जब गोपनीय जांच की गई तो पता चला कि शाखा के टीम लीडर पलक बर्मन, सेक्टर-45 हब के टीम लीडर चंद्र प्रकाश मिश्रा और डिलीवरी बॉय बरक कुमार द्वारा इन घटनाओं को किया जा रहा है। आंतरिक जांच के दौरान पता चला कि तीनों आरोपी फ्लिपकार्ट एप्लीकेशन के माध्यम से अपना अकाउंट बनाकर महंगे सामान को आर्डर करते थे। इसके बाद डिलीवरी के दौरान रास्ते में उन उत्पादों की अदला बदली और चोरी करते थे।
टीम लीडर होने के नाते पलक बर्मन व चंद्र प्रकाश मिश्रा डिलीवरी बॉय बरक कुमार की आईडी पर खुद के द्वारा आर्डर किए गए सामान को डिस्पैच करते थे। डिलीवरी के दौरान रास्ते में वह महंगे सामान की अदला-बदली कर देते थे। इस दौरान आरोपी नए उत्पादों की जगह पुराना सामान रख देते थे और बाद में उसे घटिया बताकर कंपनी को वापस कर देते थे। तीनों आरोपियों ने कंपनी को करीब 538000 रुपए का चूना लगाया है। चंदन मिश्रा के मुताबिक कंपनी के अन्य डाटा की भी जांच की जा रही है। डाटा की जांच होने के बाद ही पता चल पाएगा कि आरोपियों ने कंपनी को कितना चूना लगाया है। कंपनी के हब इंचार्ज का का कहना है कि आरोपियों की इस करतूत से न केवल कंपनी को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है बल्कि उनके ग्राहकों का विश्वास भी प्रभावित हुआ है। पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
लोन चुकाने की आड़ में महिला से अश्लील बातें
लोन अदायगी न होने पर रिकवरी एजेंट द्वारा लोन लेने वाले व्यक्ति और उसके परिजनों के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने की घटनाएं आम हो गई हैं। लोन की एक किस्त बाउंस होने पर एजेंटों द्वारा फोन पर लोन लेने वाले व्यक्ति व उसके परिजनों का मानसिक उत्पीड़न किया जाता है। ऐसा ही एक मामला थाना सेक्टर-113 क्षेत्र में प्रकाश में आया है। लोन की किस्त देने के बावजूद भी रिकवरी एजेंट ने एक महिला के साथ फोन पर अभद्र व्यवहार करते हुए अश्लील बातें की। पीड़िता ने न्यायालय के निर्देश पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। सेक्टर-73 सर्फाबाद गांव में रहने वाली कोमल (काल्पनिक नाम) ने न्यायालय में दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसके पति ने वर्ष 2024 में इनक्रेड बैंक से ऑनलाइन 105000 रुपए का पर्सनल लोन लिया था। उसके पति उक्त लोन की लगातार किस्त दे रहे थे। 31 मई 2024 को उसके मोबाइल फोन पर एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने लोन को चुकाने के लिए अश्लील भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौच की।
पीड़िता के मुताबिक उसने जब अपने पति को मोबाइल फोन पर कॉन्फ्रेंस पर लिया तो उक्त व्यक्ति ने अपनी अश्लील भाषा जारी रखी। पीड़िता का कहना है कि उसके पति ने जब बैंक के कस्टमर केयर नंबर पर कॉल कर सारी बातें बताई तो उन्होंने कॉल को फ्रॉड करार दे दिया। उन्होंने इसकी शिकायत साइबर थाने में जाकर की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। प्रार्थना पत्र पर सुनवाई करने के पश्चात न्यायालय ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अवैध धन वसूली की मांग, स्त्री लज्जा भंग, गाली-गलौज तथा धमकी देने के संबंध में एफआईआर दर्ज किए जाने के निर्देश दिए। पुलिस का कहना है कि पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। यह मामला न्यायालय के निर्देश पर दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
गहरी दोस्ती टूटने पर युवती को करने लगा ब्लैकमेल
थाना दादरी में एक युवती ने युवक के खिलाफ शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताडि़त करने, 25 लाख रूपए हड़पने तथा ब्लैकमेल करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता व आरोपी पिछले काफी समय से रिलेशनशिप में थे लेकिन कुछ दिन पूर्व दोनों के बीच दूरियां बढ़ गई। दूरियां बढ़ने के बाद युवक ने पीड़िता को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
मूलरूप से आगरा की रहने वाली पूजा (काल्पनिक नाम) ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि ग्रेटर नोएडा की एक नामी यूनिवर्सिटी में पढ़ने के दौरान उसकी आयुष तोमर नाम के युवक से मुलाकात हुई थी। कुछ ही दिनों में दोनों के बीच गहरी दोस्ती हो गई और वह अपनी मर्जी से रिलेशनशिप में आ गए। इस दौरान आयुष तोमर ने उसे बहला फुसलाकर उसकी एफ आरडी तुड़वाकर 25 लाख रुपए ले लिए। रिलेशनशिप में आने के कुछ समय बाद दोनों के बीच झगड़े होने शुरू हो गए। इस दौरान आयुष तोमर ने उसके साथ मारपीट, गाली गलौज करते हुए धमकी दी। पीड़िता के मुताबिक आयुष तोमर उसे शारीरिक मानसिक प्रताड़ित करने के साथ उसके साथ वित्तीय धोखेबाजी भी करता था। झगड़ा होने के बाद दोनों रिलेशनशिप से अलग हो गए। इसके बाद वह उसे ब्लैकमेल करने लगा। पुलिस का कहना है कि पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।
सुलह कराने आये पिता-पुत्र को ससुरालियों ने पीटा
बेटी के मायके में सुलह कराने गए पिता व पुत्र के साथ ससुराल वालों ने मारपीट की। पिता व भाई को बचाने के लिए बीच में आई महिला को उसके पति व जेठ ने मारपीट का घायल कर दिया। पीडि़ता ने थाना जेवर में अपने पति व जेठ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। हाथरस निवासी कमलेश (काल्पनिक नाम) ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसकी शादी 28 नवंबर 2023 को गांव मेवला गोपालगढ़ थाना जेवर निवासी राजू के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद ही राजू ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। उसने इसकी जानकारी अपने परिवारवालों को दी। जिसके बाद परिवार वालों व गांव समाज के लोगों के बीच बैठक हुई। बैठक में गांव समाज के लोगों ने उसके पति को आगे से ऐसा न करने की हिदायत दी।
कमलेश के मुताबिक, 20 जुलाई को उसका पति राजू नोएडा घूमने के लिए गया था। उसने जब फोन कर उससे इस बारे में पूछा तो उसने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। घर वापस लौटने पर राजू ने फोन करने को लेकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। उसने अपने पिता मुनेश कुमार को मारपीट की जानकारी दी। इसके बाद उसके पिता मुनेश कुमार, भाई सुधीर, अमित व चचेरा भाई करण उसके ससुराल पहुंचे। सभी लोग राजू से बात कर रहे थे। इस दौरान राजू का बड़ा भाई राहुल मौके पर पहुंच गया। राहुल के घर आते ही दोनों भाइयों ने उसके पिता को गंदी-गंदी गालियां देते हुए मारपीट शुरू कर दी। उसने जब बीच बचाव का प्रयास किया तो दोनों ने उसके साथ भी मारपीट की। मारपीट में उसे तथा उसके पिता व भाइयों को चोटें आई हैं। पुलिस का कहना है कि पीड़िता की शिकायत पर उसके पति व जेठ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।