Noida News : उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक बर्तन की दुकान में अचानक आग लग गई। आग लगने से आसपास के दुकानदारों हड़कंप मंच गया और पूरे बाजार में अफरा तफरी की स्थिति बन गई। फायर सर्विस के जवानों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग लगने से दुकान के भीतर रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।
मामला नोएडा के थाना फेस 2 क्षेत्र के भंगेल का है। भंगेल के बाजार में स्थित एक बर्तन की दुकान में बुधवार को अचानक से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रुप धारण कर लिया, जिससे आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। सभी दुकानदार और दुकानों पर काम करने वाले नौकर आदि अपनी अपनी दुकानों से बाहर निकल आए।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी। 20 कर्मियों ने करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया। आसपास के लोगों ने भी आग बुझाने में मदद की। एहतियात के तौर पर आग बुझने के दो घंटे बाद तक फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी घटनास्थल पर मौजूद रही ताकि दोबारा से अगर चिंगारी भड़के तो आग पर तुंरत काबू पा लिया जाए।
आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। संभावना जताई जा रही है कि शार्ट सर्किट से आग लगी होगी। आग लगने से दुकान के भीतर रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया।