
Noida News : उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक युवती को नौकरी दिलाने के बहाने एक स्क्रैप माफिया और उसके कई साथियों ने हथियारों के बल पर गैंगरेप किया और जान से मारने की धमकी दी। नोएडा की थाना 39 पुलिस ने पीड़ित युवती की शिकायत पर नोएडा के स्क्रैप माफिया समेत पाच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। रविवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया गया, जबकि मुख्य आरोपी तथा एक अन्य फरार बताए जा रहे हैं।
मामला नोएडा के थाना सेक्टर में 39 क्षेत्र का है और 19 जून 2023 का है। थाने में दर्ज एफआइआर में पीड़ित युवती ने बताया वह नौकरी की तलाश कर रही थी कि इसी दोरान उसकी मुलाकात राजकुमार नामक व्यक्ति से हुई। नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवती को उसके सभी शैक्षिक प्रमाण पत्रों के साथ बरौला गांव में बुलाया गया, जहां पर राजकुमार और उसका साथी महेमी मिले। दोनों ने कहा बताया कि रवि उनके बॉस हैं और रवि ही नौकरी देंगे। आरोप है कि 19 जून को राजकुमार और महेमी युवती को कार से गार्डन गैलेरिया मॉल में ले गए, जहां पर तीन और लड़के आ गए। तीनों का परिचय रवि, आजाद और विकास के रूप में करवाया गया। सभी के हाथों में हथियार थे।
आरोप है कि रवि ने गाड़ी में युवती से दुष्कर्म किया। इस दौरान वीडियो भी बना लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने घटना का वीडियो वायरल करने तथा जान से मारने की धमकी दी। जिससे वह सहम गई। इसके बाद भी जब आरोपियों ने पीड़िता को ब्लैकमेल और परेशान करना बंद नहीं किया तो 30 दिसंबर को उसने मामले की शिकायत पुलिस से की।
नोएडा के एडीसीपी मनीष मिश्रा ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। रविवार को तीन आरोपियों राजकुमार, आजाद और विकास को गिरफ्तार कर लिया, जबकि मुख्य आरोपी रवि और महेमी फरार हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित करके सर्च आपरेशन चलाया जा रहा है।