
G20 Summit 2023 / नोएडा (चेतना मंच)। शनिवार से शुरू होने वाले जी-20 समिट की तैयारियों के लिए नोएडा प्राधिकरण ने करोड़ों रूपये खर्च कर दिये, लेकिन अभी तक निर्धारित कार्य पूरा हो सका। यह तो गनीमत है कि ग्रेटर नोएडा में जी-20 का कार्यक्रम टल गया वर्ना आधी-अधूरी तैयारियों के बीच में विदेशी मेहमानों का अतिथि देवो भव: की तर्ज पर स्वागत करना पड़ता।
आपको बता दें कि नोएडा प्राधिकरण शहर का सौंदर्यीकरण करने के लिए 110 करोड़ रूपये खर्च कर चुका है। काफी दिनों से तैयारी भी चल रही थी लेकिन अभी तक डीएनडी से लेकर रजनीगंधा लूप तक न सडक़ दुरुस्त हुई न पेंटिंग पूरी हो सकी। न ही बिजली का काम ठीक से हुआ। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे जिस प्रकार से फ्लावर बेड बनाया जाना था, फूल वाले पौधों को लगाया जाना था वह भी नहीं हुआ। फाउंटेन तैयार कर वहां पर लाइटिंग की व्यवस्था होनी थी, वह कार्य भी अधूरा है। चिल्ला से महामाया फ्लाईओवर तक सडक़ किनारे जी 20 की रिंग बन रही थी, जो अभी भी बन ही रही है।
Also Read - Noida News : आवारा कुत्तों के आगे प्राधिकरण हुआ लाचार, सालाना 12 करोड़ रुपए जाते हैं बेकारसेक्टर-18 बाजार को कनाट प्लेस बनाने की बात कहकर विद्युत यांत्रिकी विभाग की ओर इस प्रकार से सजाने के लिए कहा गया था, जिसमें फुटपाथ पर नए पोल लगाकर लाइटिंग की व्यवस्था करनी थी। साथ ही उसी पोल में प्रोजेक्टर लाइट लगानी थी। जिसके जरिये दुकान की दीवार और फुटपाथ को रात के समय आकर्षित दिखाया जा सके। लेकिन यहां भी काम आधा अधूरा किया गया, तमाम पोल के बेस बनाकर बाजार में छोड़ दिया गया, लाइट, पोल व प्रोजेक्टर लाइट लगाना तो दूर की बात।
नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ प्रभाष कुमार ने बताया कि विभागाध्यक्षों की ओर से पूरे किए गए कार्यों की अब सूची ली जाएगी कि कौन-कौन से काम आवंटित कराया था, कौन सा पूरा कराया है। उसका निरीक्षण होगा, उसके बाद जो भी इसमें दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। G20 Summit 2023