
Getaer Noida: ग्रेटर नोएडा में एक दरोगा की पत्नी की जमकर तारीफ हो रही है। दरोगा का नाम विनोद सिंह है, जिनकी पत्नी ने मानवता की मिशाल पेश करते हुए ठंड में बेसहारा और लावारिस छोड़े गए एक शिशु को अपना दूध पिलाकर उसकी जान बचाई।
आपको बता दें कि कुछ दिन पहले नॉलेज पार्क इलाके की झाड़ियों में एक नवजात शिशु के पड़े होने की खबर आई। खबर मिलते ही मौके पर पुलिस उस बच्ची को थाने ले आई। भूख और ठंड के कारण बिलख रही नवजात बच्ची रोए जा रही थी। बच्ची को अस्पताल ले जाने से पहले उसे सबसे ज्यादा जिस चीज की जरूरत थी उसका इंतजाम करना आसान नहीं था। तभी इस बच्ची की खबर दरोगा विनोद सिंह को लगी तो उन्होंने अपनी पत्नी से बच्ची को अपना दूध पिलाने के लिए कहा। इस पर उनकी पत्नी ज्योति तैयार हो गईं और बच्ची को अपना दूध पिलाया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को अभी तक बच्ची के माता-पिता के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है जिन्होंने उसे ठंड में इस तरह अकेला छोड़ दिया था। बच्ची की जान बचाने वाली दरोगा की पत्नी ज्योति के मुताबिक मासूम का शरीर ठंडा था। वो भूखी होने के साथ कांप रही थी। ऐसे में उन्होंने बच्ची को गर्माहट देने के लिए उसे एक कंबल में समेट कर अपने कलेजे से लगाए रखा। आराम मिलने पर उसने रोना बंद कर दिया। कुछ देर बाद उसे अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया। फिलहाल बच्ची की हालत ठीक बताई जा रही है।