
Greater Noida : अखिल भारतीय गुर्जर संस्कृति शोध संस्थान ग्रेटर नोएडा द्वारा आयोजित किए जाने वाले अखिल भारतीय गुर्जरी कार्निवल में गुर्जर संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। गुर्जरी कार्निवल में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के इतिहासकारों एवं शिक्षाविदों द्वारा संगोष्ठी का भी आयोजन किया जाएगा।
ग्रेटर नोएडा में आयोजित प्रेसवार्ता में आज संस्थान के अध्यक्ष योगेन्द्र चौधरी ने बताया कि 4 व 5 मार्च को आयोजित किए जाने वाले गुर्जरी कार्निवल में गुर्जर संस्कृति के प्रचार-प्रसार को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में विभिन्न प्रदेशों के कलाकारों द्वारा गुर्जरी संस्कृति के संबंध में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
संस्थान के प्रवक्ता सतेन्द्र नागर ने बताया कि कार्यक्रम का उदघाटन केन्द्रीय कैबिनेट मंत्री पुरूषोत्तम रूपाला करेंगे तथा अध्यक्षता केन्द्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर करेंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के तौर पर उप्र के राज्यमंत्री डा. सोमेन्द्र तोमर, गौतमबुद्धनगर लोकसभा क्षेत्र से सांसद डा. महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेन्द्र नागर रहेंगे।
दूसरे दिन मुख्य अतिथि के रूप में केन्द्रीय संस्कृति व संसदीय कार्यमंत्री अर्जुनराम मेघवाल होंगे। इनके अलावा विधान परिषद सदस्य नरेन्द्र भाटी, नोएडा के विधायक पंकज सिंह, एमएलसी श्रीचंद शर्मा, चेयरमैन भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण संतोष कुमार यादव, नोएडा व ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की मुख्य कार्यपालक अधिकारी रितु माहेश्वरी तथा गौतमबुद्धनगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह भी उपस्थित रहेंगी। इस दौरान कार्यक्रम से संबंधित थीम सांग भी लांच किया जाएगा।
प्रेसवार्ता में संस्थान के संरक्षक हरिश्चन्द्र भाटी, उपाध्यक्ष महेश अवाना, सचिव शोभाराम भाटी, सुदेश अवाना, श्यामवीर भाटी व भीम सिंह भाटी आदि मौजूद रहे।