
Greater Noida (चेतना मंच)। थाना फेस-1 क्षेत्र में चचेरे भाई ने अपने भाई को डंडे से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में इस पूरे हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है। अवैध संबंधों के शक में चचेरे भाई ने इस पूरी वारदात को अंजाम दिया है।
थाना फेस-1 पुलिस को आज सुबह सूचना मिली कि सेक्टर 14-ए नाले के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराई तो मृतक की पहचान 42 वर्षीय धर्मा पुत्र जॉकी निवासी नेपाल के रूप में हुई। धर्मा सेक्टर-27 में रहने वाले अपने चचेरे भाई कृष्णा के यहां अक्सर आता जाता रहता था। पुलिस ने धर्मा के भाई कृष्णा को थाने बुलाया तो उसके हावभाव देखकर उस पर शक हुआ। पूछताछ में उसने अपने भाई की डंडे से पीट-पीटकर हत्या करने का गुनाह स्वीकार कर लिया।
कृष्णा ने बताया कि बीती रात्रि धर्मा उसके घर आया था। इस दौरान उसने धर्मा को जमकर शराब पिलाई और सेक्टर 14ए नाले पर सुनसान जगह ले गया। यहां पर उसने लाठी-डंडे से पीट-पीटकर धर्मा को मौत के घाट उतार दिया और अपने घर चला गया।
एडीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पत्नी से अवैध संबंधों के शक में कृष्णा ने इस पूरी वारदात को अंजाम दिया है। कृष्णा सेक्टर-27 में एक व्यक्ति के यहां घरेलू सहायक का काम करता है जबकि धर्मा ऑटो चलाता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।