
Greater Noida News (चेतना मंच)। यमुना एक्सप्रेस-वे पर आज सुबह मुर्शदपुर गांव के पास ओवरटेक करते समय डबल डेकर बस ट्रैक्टर ट्रॉली से जा टकराई। इस दौरान चालक द्वारा इमरजेंसी ब्रेक लगाने की वजह से बस में सवार कई यात्रियों को मामूली चोटें आई। हादसे की सूचना मिलने पर थाना ईकोटेक-1 पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक इलाज दिलवाया।
थाना प्रभारी सरिता मलिक ने बताया कि आज सुबह करीब 7:30 बजे यमुना एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस और ट्रैक्टर ट्रॉली में टक्कर होने की सूचना मिली। इस सूचना पर तुरंत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इस हादसे में बस में सवार कुछ यात्री मामूली रुप से घायल हो गए थे। घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार दिलवाया गया। उन्होंने बताया कि डबल डेकर बस गोरखपुर से दिल्ली आ रही थी।
आज सुबह करीब 7:30 बजे मुर्शदपुर गांव के पास यमुना एक्सप्रेस वे पर बस चालक एक बस को ओवरटेक कर रहा था। ओवरटेक करते समय सामने ट्रैक्टर ट्रॉली आ गई जिस कारण चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। ब्रेक लगाने के बावजूद भी बस ट्रैक्टर ट्रॉली से भिड़ गई। सुबह का समय होने के कारण अधिकतर यात्री अपनी सीटों पर सोए हुए थे। दुर्घटना के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।