
Greater Noida News जयप्रकाश एसोसिऐटस लिमिटेड (Jaiprakash Associates Limited) के जेपी ग्रीन (JP Green) में बनाये गये अवैध हैलीपैड पर भी आखिरकार बाबा का बुल्डोजर चल ही गया। प्राधिकरण ने इस हैलीपैड को पूरी तरह से अवैध मानते हुए जेपी कंपनी को नोटिस जारी किया था।
आपको बता दें कि पूर्व की मायावती सरकार में जेपी कंपनी ने नोएडा-ग्रेटर नोएडा में कई एकड़ जमीन पर अनेक महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट शुरू किए थे। मायावती सरकार में जेपी कंपनी के मालिकों की तूती बोलती थी। सरकार के संरक्षण में जेपी कंपनी ने नियम कायदे ताक पर रखकर कई जगह अवैध निर्माण भी कर लिया था जिसमें जेपी ग्रीन में बना हैलीपैड व अन्य निर्माण भी शामिल थे। जेपी कंपनी के इस हैलीपैड का इस्तेमाल जेपी के राजनैतिक आका तथा उसे संरक्षण देने वाले ब्यूरोक्रेट उद्यमी बिना रोक-टोक के करते थे।
अब जेपी कंपनी द्वारा बनाये गये इस अवैध हैलीपैड पर ग्रहण लग गया है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के प्रभारी महाप्रबंधक (नियोजन एवं वास्तु) ने कंपनी को नोटिस भेजकर अवैध हैलीपैड व अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिये थे।
बता दें कि प्राधिकरण ने जेपी ग्रीन को सूरजपुर कासना रोड पर गोल्फ कोर्स के लिए जमीन आवंटित की थी। नोटिस जारी करने के बाद प्राधिकरण के अधिकारियों ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया तो पाया कि जेपी ग्रीन ने भवन विनियमावली तथा आवंटन की शर्तों का उल्लंघन करके अवैध निर्माण किया है। यही नहीं अवैध रूप से वहां हैलीपैड का भी निर्माण कर लिया गया है।
शुक्रवार की शाम जेपी ग्रुप के जेपी ग्रीन पर नोएडा विकास प्राधिकरण की टीम ने बुलडोजर चला दिया है। खबर है कि अवैध निर्माण तथा अतिक्रमण हटाया जा रहा है।