
Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के जेवर के निकट स्थित जहांगीरपुर कस्बे में एक स्कूली छात्र अचानक तेज बुखार की चपेट में आ गया। छात्र को लेकर परिजन नोएडा के निजी अस्पताल में पहुंचे। उपचार के दौरान बुधवार की रात युवक ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर सुनते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मौहल्ला बहोरान जहांगीरपुर निवासी रिंकू अग्रवाल का पुत्र कमलकांत अग्रवाल (17 वर्षीय) रेडीसन पब्लिक स्कूल नीमका में कक्षा 9 का छात्र था जो पढऩे में बेहद होशियार था।
मृतक छात्र के पिता रिंकू अग्रवाल ने बताया कि मेरे पुत्र कमलकांत अग्रवाल को 11 अक्टूबर को बुखार आया था जिसको कस्बे के निजी चिकित्सकों को दिखाया मगर उसे आराम नही मिला। आराम न मिलने पर परिजन छात्र को लेकर जेवर के निजी अस्पताल में पहुंचे मगर कमलकांत अग्रवाल को कोई लाभ नहीं मिला तो चिकित्सकों ने उसे नोएडा के हायर सेंटर अस्पताल में रेफर कर दिया। परिजनों ने नोएडा के जाने माने निजी अस्पताल में अपने पुत्र को दिखाया मगर उसे कोई लाभ नहीं मिला। बुधवार की रात उपचार के दौरान स्कूली छात्र की मौत हो गई। मौत की खबर सुनते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
गुरुवार की सुबह छात्र का शव जहांगीरपुर उसके घर पहुंचने पर कोहराम मच गया। गमगीन माहौल में सैकड़ों लोगों की मौजूदगी में छात्र कमलकांत अग्रवाल का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में नोएडा व ग्रेटर नोएडा समेत क्षेत्र के नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी की आँखें नम थीं।