Greater Noida News ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के छपरौला क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध मौत के बाद गुपचुप तरीके से उसका अंतिम संस्कार करने पहुंचे पति को नोएडा पुलिस ने गाजियाबाद पहुंचकर अंतिम संस्कार करने से रोक दिया। पुलिस महिला के शव को चिता से उठाकर ले आई और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला
मूल रूप से बिहार के रहने वाला धनंजय यादव अपनी पत्नी रिंकी कुमारी व बच्चों के साथ ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के छपरौला गांव में रह रहा था। सोमवार की तड़के वह कुछ लोगों के साथ अपनी पत्नी के शव को लेकर गाजियाबाद के हिंडन स्थित अंतिम निवास पहुंचा। धनंजय यादव के हाव-भाव को देखकर अंतिम संस्कार कर रहे कर्मी को संदेह हुआ। उसने जब चिता पर रखी महिला के शव को देखा तो उसकी गर्दन पर फंदे का गहरा निशान था। शक के आधार पर जब उसने धनंजय यादव से पूछताछ की तो वह हड़बड़ा गया। इसके बाद अंतिम निवास के कर्मचारियों ने थाना बादलपुर पुलिस को फोन कर महिला की संदिग्ध मौत की सूचना दी।
Greater Noida News in hindi
पुलिस को अंतिम निवास के कर्मचारियों ने दी सूचना
थाना बादलपुर प्रभारी ब्रह्मपाल सिंह ने बताया कि उन्हें गाजियाबाद हिंडन स्थित अंतिम निवास से फोन आया कि एक व्यक्ति अपनी पत्नी का अंतिम संस्कार करने के लिए आया है। महिला के गले पर निशान है। सूचना के आधार पर पुलिस गाजियाबाद के हिंडन नदी के तट पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर साथ ले आई। शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थाना प्रभारी के मुताबिक प्रारंभिक जांच में पता चला है कि रिंकी ने अपने घर में फांसी लगा ली थी। सोमवार सुबह जब धनंजय यादव सो कर उठा तो उसकी पत्नी फंदे पर लटकी हुई थी। पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए उसने गाजियाबाद के हिंडन नदी के किनारे बने अंतिम निवास पर अपनी पत्नी का अंतिम संस्कार करने के लिए ले गया। यहां शक होने पर अंतिम निवास के कर्मियों ने पुलिस को सूचना दे दी प्रारंभिक जांच में पता चला है कि करीब 13 वर्ष पूर्व दोनों की शादी हुई थी और उनके बच्चे भी हैं थाना प्रभारी ने बताया कि मृतका के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।