
Greater Noida News: (चेतना मंच)। थाना सूरजपुर क्षेत्र के ईकोटेक 2 सेक्टर में खिलौने बनाने वाली कंपनी की लिफ्ट में फंस कर एक कर्मचारी की दर्दनाक मौत हो गई।
थाना प्रभारी अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि मूल रूप से बदायूं का रहने वाला प्रशांत बाबू पुत्र विजेंद्र कुमार ईकोटेक-2 में स्थित एक खिलौने बनाने वाली कंपनी में कार्यरत था। बीती शाम वह ड्यूटी खत्म कर घर वापस जा रहा था। कंपनी के गेट पर पहुंचने के बाद वह वापस भीतर गया। कुछ देर बाद कर्मचारियों ने लिफ्ट में उसके चिल्लाने की आवाज सुनी।
इस पर कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो वह सामान ले जाने वाली लिफ्ट में लहूलुहान स्थिति में फंसा हुआ था। साथी कर्मचारियों ने किसी तरह से प्रशांत बाबू को लिफ्ट से बाहर निकाला और उसे तुरंत कैलाश अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि प्रशांत आखिरकार किस तरह हादसे का शिकार हुआ। उन्होंने बताया कि इस संबंध में परिजनों ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है। परिजन अगर तहरीर देते हैं तो विधिक कार्रवाई की जाएगी।