Greater Noida News : मुलायम सिंह यादव के खिलाफ अभद्र भाषा बोलने वाले का वीडियो वायरल
Video of abusive language against Mulayam Singh Yadav goes viral
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 11:04 PM
ग्रेटर नोएडा। देश के पूर्व रक्षामंत्री व समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव को लेकर अभद्र टिप्पणियां करने वाले एक व्यक्ति का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो के वायरल होने के बाद समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में भारी गुस्सा है।
Greater Noida News :
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष इंदर प्रधान ने सपा संरक्षक स्व. मुलायम सिंह यादव के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करने वाले अनुज भाटी नामक व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग गौतमबुद्धनगर के पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह से की है।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि अनुज भाटी उर्फ छोटू पुत्र प्रकाश भाटी, निवासी तुलसी विहार, 23 फुटा रोड, रेलवे रोड दादरी खुलेआम सोशल मीडिया पर धरती पुत्र मुलायम सिंह यादव के प्रति अपशब्द व गाली-गलौज कर रहा है। सोशल मीडिया पर वीडियो के वायरल होते ही सपा के नेताओं व कार्यकर्ताओं में भारी गुस्सा है। सभी ने एक स्वर में अभद्र भाषा का प्रयोग करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
Greater Noida News :
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने इस वीडियो पर कड़ी नाराजगी जताई है। श्री भाटी ने कहा है कि धरती पुत्र मुलायम सिंह यादव ने जीवनभर गरीब, पिछड़ों व शोषित समाज के लिए संघर्ष किया तथा भारतीय राजनीति में बड़ा मुकाम हासिल किया। उनकी मृत्यु के बाद यदि कोई भी इस प्रकार की भाषा का प्रयोग करता है तो यह निदंनीय है। ऐसे व्यक्ति के विरूद्ध कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
समाजवादी मजदूर सभा के पूर्व प्रदेश सचिव हीरालाल यादव ने आरोप लगाया कि नेताजी जैसे महान शख्स को गाली देने वाला व्यक्ति सामान्य नहीं हो सकता है। उसके पीछे किसी और की शह जान पड़ती है। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्ति को खुला छोड़ना समूचे समाज के लिए खतरा है। मानसिक रूप से विक्षिप्त इस व्यक्ति को तत्काल सलाखों के पीछे डाल देना चाहिए। श्री यादव ने चेताया कि अगर 48 घंटे के भीतर इसकी गिरफ्तारी नहीं हुई तो वह आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।