
Greater Noida News (चेतना मंच)। थाना बिसरख क्षेत्र के पंचतत्व हैबीटेक अपार्टमेंट के एक फ्लैट में युवक का शव पड़ा हुआ मिला। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना प्रभारी अनिल राजपूत ने बताया कि फ्लैट मालिक ने सूचना दी कि पंचतत्व हैबीटेक अपार्टमेंट के उनके फ्लैट में किराए पर रहने वाला विकास पुत्र विद्यानंद कमरे का दरवाजा नहीं खोल रहा है। सूचना के आधार पर पीआरबी व थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस कर्मियों ने दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया लेकिन दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद पुलिसकर्मी दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे तो बेड पर विकास का शव पड़ा हुआ मिला। मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलवा कर साक्ष्य एकत्रित कराए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच पड़ताल में पता चला है कि विकास मूल रूप से झारखंड का रहने वाला था और यहां सूरजपुर में नमकीन मैन्युफैक्चरिंग फैक्ट्री में काम करता था। विकास ने कुछ समय पूर्व ही पंचतत्व सोसाइटी में फ्लैट किराए पर लिया था। मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।
ग्रेटर नोएडा के मड़ैया गांव में अचानक बेहोश होकर गिरे व्यक्ति ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस हार्टअटैक की वजह से उक्त व्यक्ति की मौत की आशंका जता रही है। थाना प्रभारी संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि मूल रूप से बलिया निवासी मदन महतो मड़ैया गांव में किराये पर रह रहा था। बुधवार को वह अचानक अपने घर के बाहर बेहोश होकर गिर गया। गंभीर स्थिति में उसे जिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी ने बताया कि मौत के कारणों का पता लगाने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।
थाना सेक्टर-24 क्षेत्र के सेक्टर-52 में बीती रात्रि मामूली विवाद में एक युवक ने अपनी पत्नी के सिर में कैची मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। महिला के भाई की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। सेक्टर-44 निवासी अनमोल चौहान ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसकी बहन की शादी 3 वर्ष पूर्व सेक्टर-52 निवासी अमित राणा के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही अमित राणा ने उसकी बहन के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। बीती रात्रि किसी बात को लेकर अमित राणा ने उसकी बहन के साथ गाली गलौज की जिसका विरोध करने पर उसने घर में रखी कैंची उठाकर सिर में दे मारी। कैंची लगने से उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई । जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। Greater Noida News