
Greater Noida (चेतना मंच)। ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र स्थित एक कंपनी से सामान चोरी कर ले जा रहे तीन कर्मियों को कंपनी प्रबंधन ने मौके पर ही दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी पिछले काफी समय से कंपनी में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। उनकी यह करतूत कंपनी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।
ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र स्थित सेफ एक्सप्रेस प्राइवेट लिमिटेड के एचआर मैनेजर सतीश मिश्रा ने बताया कि उनकी कंपनी ट्रांसपोर्ट का काम करती है पिछले काफी समय से कंपनी में चोरी की घटनाएं हो रही थी। चोरी की जानकारी मिलने पर सीसीटीवी कैमरा की फुटेज खंगाली गई तो सफाईकर्मी विशाल पुत्र अमित कुमार, आदित्य पुत्र रवि तथा दीपक पुत्र किरणपाल की गतिविधियां संदिग्ध दिखाई दी।
संदेह के आधार पर कंपनी में कुछ गुप्त कैमरे लगवाए गए। 14 दिसंबर को कंपनी से न्यू हॉलैंड ट्रैक्टर के पार्ट्स तथा किर्लोस्कर कंपनी की दो मोटर को चोरी कर ले जाते समय विशाल, आदित्य तथा दीपक को रंगे हाथ पकड़ लिया गया। आरोपियों के पास से कंपनी से चोरी किया गया सामान बरामद हो गया। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने बताया कि वह पिछले काफी समय से कंपनी में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
ग्रेटर नोएडा के थाना दादरी में एक व्यक्ति ने अपने चालक के खिलाफ ट्रैक्टर ट्राली वापस न करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। ग्राम छिजारसी निवासी सुंदरलाल ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसने अपनाट्रैक्टर ट्राली संबल निवासी बाबू व राजपाल को चलाने के लिए दिया था। दोनों आरोपी ट्रैक्टर टोला से सीमेंट ढोने का काम करते थे और काम खत्म होने के बाद ट्रैक्टर को बाडपुरा गांव में खड़ा कर देते थे।
बीते 8 अगस्त को दोनों ट्रैक्टर ट्राली को अपने साथ लेकर चले गए। उसने जब फोन कर ट्रैक्टर ट्राली वापस देने की बात कही तो आरोपियों ने उसे जल्द लौटाने का झांसा दिया। सुंदरलाल के मुताबिक पिछले काफी समय से दोनों के मोबाइल फोन बंद आ रहे हैं और न ही उन्होंने अभी तक ट्रैक्टर ट्राली को वापस लौटाया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर लिया गया है।