
Greater Noida (चेतना मंच)। ग्रेटर नोएडा के तथास्तु बार एंड रेस्टोरेंट में जन्मदिन मनाने आए युवक डीजे बंद किए जाने पर भड़क उठे। युवकों ने बार कर्मचारियों के साथ गाली गलौज मारपीट करने के साथ ही जमकर तोड़फोड़ की। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। बार मैनेजर की शिकायत पर थाना बिसरख पुलिस ने 7 युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ग्रेटर नोएडा स्थित तथास्तु बार के मैनेजर अर्जुन सिंह ने बताया कि 26 सितंबर की रात को नकुल नामक युवक अपने कुछ साथियों के साथ अपना जन्मदिन मनाने के लिए आया था। खाने-पीने के बाद नकुल व उसके साथी डांस फ्लोर पर डांस कर रहे थे। रात्रि 10 बजे के बाद बार स्टाफ ने डीजे बंद कर दिया। डीजे बंद होने पर नकुल व उसके साथी भड़क उठे। उन्होंने डीजे चलाने को कहा लेकिन कर्मचारियों ने नियमों का हवाला देकर डीजे शुरू करने से इंकार कर दिया।
जिसके बाद नकुल व उसके साथियों ने बार कर्मियों के साथ गाली गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर नकुल तथा उसके दोस्त सौरव, अभिषेक, कपिल, आकाश, अमित और चिन्मय ने मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान आरोपियों ने रेस्टोरेंट में जमकर तोड़फोड़ की। काफी देर तक आरोपी बार में हंगामा करते रहे और उसके बाद वहां से धमकी देते हुए चले गए। थाना प्रभारी ने बताया कि बार मैनेजर की शिकायत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।