
Holi Special रंगों का त्यौहार होली हर्षोल्लास का त्यौहार है, लेकिन इस दौरान जरा सी लापरवाही आप पर भारी पड़ सकती है। अगर आप होली मनाने अपने पैतृक घर जा रहे हैं तो सावधान हो जाएं।
नोएडा-ग्रेटर नोएडा में बड़ी संख्या में प्रवासी वास करते है। रोजगार व अन्य कारणों से प्रवासी यहां आकर बस जाते हैं। होली के त्यौहार पर इनमें से अधिकतर प्रवासी अपने प्रियजनों के साथ होली मनाने अपने-अपने घरों को जाते हैं, लेकिन इस दौरान छोटी सी चूक की वजह से उन्हें कई बार पछताना भी पड़ता है। होली के दौरान घरों तक लटके ताले चोरों को सुनहरा मौका देते हैं। पुलिस अधिकारियों की मानें तो आपराधिक किस्म के लोग अक्सर त्यौहारों का इंतजार करते हैं क्योंकि उन्हें घरों में चोरी करने का मौका मिल जाता है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि होली पर त्यौहार मनाने के लिए जाने वालों को घर जाने का ज्याद प्रचार-प्रसार नहीं करना चाहिए। घर जाते समय घरों में लगाये जाने वाले ताले अच्छी कंपनी के हों, साथ ही अड़ोस-पड़ोस में भी अपने घर जाने की जानकारी दें। हो सके तो घर की सुरक्षा के लिए किसी विश्वासपात्र को छोड़ कर जाएं।
घर में ज्यादा नगदी व गहने न छोड़ें और हो सके तो ज्यादा दिनों तक शहर से बाहर न रहे, जितना जल्दी हो अपने घर लौट आएं। त्यौहार के दौरान इन छोटी-छोटी सावधानियों को बरत कर बड़े नुकसान से बचा जा सकता है।