योग दिवस पर नोएडा में उमड़ा जनसैलाब, गूंजा ‘योग करें हर रोज करें’ का संदेश
Noida News
नोएडा
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 03:35 AM
नोएडा
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 03:35 AM
Noida News : नोएडा के सेक्टर-21 स्थित जलवायु विहार कम्युनिटी सेंटर आज सुबह योगमय वातावरण में तब्दील हो गया, जब ग्लोबल योग मिशन (योग फॉर ऑल - JVCC चैप्टर) के तत्वावधान में 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। सुबह 6 बजे से 8 बजे तक चले इस कार्यक्रम में 300 से अधिक योग साधकों ने भाग लेकर योग की महत्ता को न केवल आत्मसात किया बल्कि पूरे समर्पण के साथ अभ्यास भी किया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और शंखनाद से हुई जिसने आयोजन को आध्यात्मिक ऊंचाई प्रदान की।
योग क्लबों के प्रभारी भी रहें उपस्थित
मुख्य अतिथि श्रीमती बेला झांग और रियर एडमिरल के. झांग (सेवानिवृत्त), अध्यक्ष JVCC रहे, जिनका स्वागत कैप्टन शिव (सेवानिवृत्त) ने किया। योग सत्र का संचालन विभिन्न योगाचार्यों ने किया, एकता बेहल द्वारा वार्मअप लूजनिंग एक्सरसाइज, रोहिणी द्वारा सूर्य नमस्कार, वीणा बब्बर द्वारा प्रोन व सुपाइन आसनों का अभ्यास, प्रेम बख्शी द्वारा प्राणायाम एवं लाफ्टर योग (हास्य योग) की शुरूआत की गई। कार्यक्रम में JVCC लाफ्टर योग क्लब के 130 से अधिक सदस्यों सहित अनेक स्थानीय योग क्लबों के प्रतिभागी उपस्थित रहे।
जेवर में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन
ग्लोबल योग मिशन की स्थापना नोएडा में ग्यारह वर्ष पूर्व प्रेम बख्शी जी और संतोष बख्शी जी के मार्गदर्शन में हुई थी। तब से यह पहल एक जनआंदोलन का रूप ले चुकी है। इस अवसर पर प्रेम बख्शी जी ने जोर देते हुए कहा, “आओ आओ योग करें, योग करें, हर रोज करें।” इसी क्रम में, जन शिक्षण संस्थान गौतम बुद्ध नगर द्वारा चौ. आर. एल. पब्लिक स्कूल, गांव घंघौला, विकासखंड जेवर में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया गया।
योग के फायदे पर डाला प्रकाश
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि योगाचार्य प्रताप सिंह आर्य ने योग अभ्यास करवाया और योग के लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला। संस्थान के निदेशक वीरेंद्र कुमार ने सभी प्रतिभागियों से आग्रह किया कि योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करें और जीवन को रोगमुक्त बनाएं। इस कार्यक्रम में अकाश शर्मा (सहायक कार्यक्रम अधिकारी), राधेश्याम, ओमप्रकाश, उपेश आर्य (प्रधानाचार्य), स्कूल के छात्र-छात्राएं, ग्रामीणजन एवं लाभार्थियों सहित कुल 96 प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी की। Noida News