
Noida News (चेतना मंच)। नोएडा की चोटपुर कॉलोनी में घरेलू विवाद के दौरान पति ने अपनी पत्नी पर कपड़ा काटने वाले कटर से हमला कर उसे घायल कर दिया। महिला के पिता ने आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर-63 में मुकदमा दर्ज कराया है।
जेजे कॉलोनी बवाना दिल्ली निवासी अजय शाह ने थाना सेक्टर 63 में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री दीपा की शादी अजीत शाह के साथ की थी। दोनों नोएडा की चोटपुर कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहे हैं। गत 25 सितंबर की रात्रि को हुए मामूली विवाद में अजीत शाह ने उसकी बेटी पर कपड़ा काटने वाले कटर से वार कर उसे घायल कर दिया। पड़ोसियों ने किसी तरह से उसकी बेटी को अजीत के चंगुल से बचकर अस्पताल में भर्ती कराया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। थाना प्रभारी ने बताया कि ससुर की शिकायत पर दामाद के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया हैै।
नोएडा के दलित प्रेरणा स्थल के पास जाम का सबब बन रहे ट्रक को यातायात पुलिस ने सीज कर दिया है। ट्रक चालक के खिलाफ भी थाना फेस-1 में मुकदमा दर्ज कराया गया है। यातायात सर्कल 3 के ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर राजवीर सिंह ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह 26 सितंबर को अपने सहकर्मियों के साथ दलित प्रेरणा स्थल के सामने यातायात व्यवस्था को सुचारू कर रहे थे। इस दौरान एक ट्रक चालक ने प्रेरणा स्थल के गेट नंबर-5 के पास ट्रक खड़ा कर दिया। सडक़ पर खड़ा होने से यातायात जाम की स्थिति बन गई।
टीएसआई राजवीर सिंह ने बताया कि आलू से लदे ट्रक के चालक से उन्होंने ट्रक को हटाने को कहा लेकिन उसने अनसुना कर दिया। सड़क पर ट्रक खड़ा होने के कारण वाहनों के लंबी कतारें लग गई। यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के कारण वह ट्रक चालक मनोज पुत्र जगदीश निवासी ग्राम रसूलपुर जिला अलीगढ़ को हिरासत में लेकर थाना फेस-1 आए। ट्रक चालक मनोज के खिलाफ जानबूझकर यातायात व्यवस्था को प्रभावित करने के आरोप में धारा 339 341 के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया आलू से भरे ट्रक को भी सीज कर दिया गया है।