
Kanwar Yatra 2023 : नोएडा (चेतना मंच)। शिव कांवड़ सेवा समिति हरौला द्वारा पिछले 20 वर्षों से लगातार कांवड़ शिविर का आयोजन किया जा रहा है। समिति द्वारा डीएनडी पुल के नीचे लगाए गए शिविर में कांवडियों के विश्राम करने सहित अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
समिति के सदस्य एवं समाजसेवी पंडित लोकेश शर्मा ने बताया कि हरौला गांव के ग्रामीणों के सहयोग से पिछले 20 वर्षों से लगातार सावन माह में डीएनडी पुल के नीचे कांवड़ियों के लिए शिविर लगाया जा रहा है। दिल्ली की सीमा पर लगे इस शिविर में हरिद्वार से नोएडा होकर दिल्ली व हरियाणा जाने वाले कांवड़ियें यहां रुक कर विश्राम करते हैं। विश्राम करने के बाद वह अपने गंतव्य के लिए रवाना हो जाते हैं। श्री शर्मा ने बताया कि इस शिविर में हरौला गांव के ग्रामीणों का भी पूरा सहयोग रहता है।
भारद्वाज फार्मेसी के संचालक एवं समाजसेवी पंडित ज्ञानेंद्र शर्मा ने बताया कि शिविर में कांवड़ियों के लिए 24 घंटे भोजन, फलाहार एवं विश्राम की व्यवस्था उपलब्ध है। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर यहां रुकने वाले कांवड़ियों को चिकित्सा सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं। शिविर में पंडित लोकेश शर्मा, परविंदर शर्मा, अनिल शर्मा, संजीव शर्मा, ऋषि पाल चौधरी, चौधरी महावीर, बिजे चौधरी, चरण सिंह प्रधान, चौधरी वेद प्रकाश, भूपेंद्र चौधरी, अमित शर्मा सहित अन्य ग्रामीण अपना भरपूर सहयोग दे रहे हैं।