नोएडा में लाखों लोगों को मिलेगा फायदा, 43 करोड़ की लागत से जुड़ेगा...
नोएडा
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 01:47 PM
नोएडा
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 01:47 PM
नोएडा की सड़कों पर पैदल चलने वालों के लिए राहत की खबर है। सेक्टर-62 के व्यस्त मॉडल टाउन गोलचक्कर पर अब ट्रैफिक का झंझट नहीं बल्कि आरामदायक सफर मिलेगा। नोएडा प्राधिकरण ने 43 करोड़ रुपये की लागत से 530 मीटर लंबा स्काईवॉक बनाने की योजना को मंजूरी दे दी है। इससे नोएडा और गाजियाबाद को सीधा जोड़ा जाएगा, जिससे 8 लाख से अधिक लोगों को प्रतिदिन फायदा होगा। Noida Samachar
स्काईवॉक की खास बातें
लंबाई: 530 मीटर
चौड़ाई: 4 मीटर
आकार: मॉडल टाउन गोलचक्कर के चारों ओर 'जीरो' आकार का स्काईवॉक
लागत: ₹43 करोड़
निर्माण अवधि: 6 महीने
सुविधाएं
नोएडा की ओर एस्केलेटर (स्वचालित सीढ़ियां)
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के दोनों किनारों पर दो लिफ्ट
क्या-क्या होगा स्काईवॉक में खास?
यह स्काईवॉक दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर स्थित एफओबी (फुट ओवर ब्रिज) को जोड़ते हुए छिजारसी की ओर बढ़ेगा। यह रास्ता नोएडा के सेक्टर-62, 63 और गाजियाबाद से आने-जाने वालों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा। खासतौर पर उन लाखों लोगों को फायदा होगा जो रोजाना हापुड़, बुलंदशहर, मेरठ, गाजियाबाद और दिल्ली से नोएडा नौकरी या कारोबार के सिलसिले में आते हैं। इस परियोजना का डिजाइन आईआईटी ने तैयार किया है जिसे नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. लोकेश एम ने मंजूरी दे दी है। अब जल्द ही इसका टेंडर जारी किया जाएगा और निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
मॉडल टाउन गोलचक्कर पर रोजाना भारी ट्रैफिक दबाव होता है। पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित पारगमन की सुविधा नहीं थी। इस स्काईवॉक से ट्रैफिक जाम में कमी आएगी और लोगों की यात्रा सुगम होगी। यह स्काईवॉक सिर्फ एक पुल नहीं, बल्कि शहर के स्मार्ट विकास की दिशा में एक बड़ा कदम है। आने वाले समय में यह प्रोजेक्ट नोएडा-गाजियाबाद को और अधिक सुगमता से जोड़ेगा और लाखों लोगों की जिंदगी को आसान बनाएगा। Noida Samachar