नोएडा में बड़ा हादसा : बस में लगी भीषण आग, जिंदा जला ड्राइवर
Noida News
नोएडा
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 05:43 PM
Noida News : नोएडा के थाना फेज-3 क्षेत्र स्थित सेक्टर-65 टीपी नगर में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहां पार्किंग में खड़ी दो बसों में अचानक भीषण आग लग गई जिसमें एक बस ड्राइवर की जलकर मौत हो गई, जबकि कंडक्टर ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचाई।
मिली जानकारी के अनुसार, हादसा शॉर्ट सर्किट के कारण हुआ। आग इतनी तेजी से फैली कि पास खड़ी दूसरी बस भी उसकी चपेट में आ गई। देखते ही देखते दोनों बसों में आग की लपटें उठने लगीं। मौके पर मौजूद लोग जब तक कुछ कर पाते तब तक एक बस ड्राइवर आग की चपेट में आ चुका था।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल मृतक ड्राइवर की पहचान की जा रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शॉर्ट सर्किट कैसे हुआ और सुरक्षा के क्या इंतजाम नाकाफी थे। इस पूरी घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।