Noida Fire: पुलिस ने बताया हर फ्लोर पर लगभग पांच परिवार रहते हैं, और वहां करीब 12 कमरे हैं जिन्हें दो-कमरों वाले फ्लैट के तौर पर बनाया गया है।

Noida Fire: नोएडा के मामूरा गांव में भीषण आग लगने की खबर है। बताया जा रहा है कि मकान के अंदर लगभग 50 परिवार फंसे हैं। मौके पर फायर विभाग की टीमें आग बुझाने में लगी हैं। आग लगने की वजह इलेक्ट्रिक बाइक में हुई स्पार्किंग मानी जा रही है हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक दो लड़कियां गंभीर रूप से झुलस गई हैं।
आग इतनी तेजी से फैली कि मकान में मौजूद कई लोग अंदर ही फंस गए। फायर विभाग की टीम ने तत्काल राहत और बचाव अभियान चलाते हुए करीब अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना के वीडियो भी सामने आए हैं। इसमें दिख रहा है कि दो इमारतों की छतों के बीच सीढ़ियां लगाई गई हैं। इन्हीं के सहारे लोगों को दूसरी बिल्डिंग में जा रहे हैं।
पुलिस ने क्या बताया?
ममूरा में लगी आग के संबंध में पुलिस ने बयान जारी कर बताया कि थाना फेस-3 क्षेत्रांतर्गत गली नं0 2 मामूरा में G-4 के ग्राउण्ड फ्लोर में इलेक्ट्रिक वाहन की बैटरी चार्ज पर लगे होने से उत्पन्न स्पार्क के कारण आसपास खड़े पेट्रोल वाहनों में आग लग गई। सूचना मिलने पर तत्काल फायर सर्विस यूनिट की 07 फायर टेंडर व हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म, मुख्य शमन अधिकारी तथा स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य प्रारंभ किया और आग को पूर्ण रूप से बुझा दिया गया।
पुलिस ने कहा कि जिस भवन में आग लगी है वह जी-4 है, जिसमें लगभग 50 परिवार रहते थे, जिन्हें रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान सकुशल बाहर निकाला गया। धुएं से 02 व्यक्तियों के स्वास्थ्य बिगड़ने के कारण तत्काल एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल भिजवाया गया जहां चिकित्सकों द्वारा एक महिला व एक पुरुष को मृत घोषित कर दिया गया। थाना फेस-3 पर मकान मालिक/ लीज धारक के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है एवं आरोपी को हिरासत में लिया गया है। अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
विज्ञापन