
Noida News : बागेश्वर धाम सरकार पंड़ित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की कथा के दौरान कल आयोजित दिव्य दरबार ने जहां बिहार का रिकॉर्ड तोड़ दिया। वहीं नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (NMRC) की एक्वा रूट के भी अभी तक के सभी रिकॉर्ड ध्वस्त करके एक नया रिकॉर्ड का कीर्तिमान स्थापित किया है।
एनएमआरसी के अधिकारिक सूत्रों ने चेतना मंच को बताया कि कल रात 11 बजे तक मेट्रो की राइडरशिप 88646 रही। यानी कल इतने यात्रियों ने मेट्रो में सफर किया।
बता दें कि अभी तक एनएमआरसी का राइडरशिप का रिकॉर्ड 16 जनवरी 2023 को सर्वाधिक 56168 यात्रियों का था। लेकिन पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री की कथा शुरू होने पर 11 जुलाई की यह रिकॉर्ड बढक़र 58231 हो गया। लेकिन कल 12 जुलाई को दिव्य दरबार के दिन तो एनएमआरसी के अभी तक के सारे रिकार्ड न सिर्फ ध्वस्त हुए बल्कि 88646 यात्रियों का नया रिकार्ड कायम कर लिया।
एनएमआरसी की प्रवक्ता निशा वाधवान ने बताया कि एनएमआरसी को कल यात्रियों की भीड़ को देखते हुए 70 हजार का रिकॉर्ड हासिल होने की उम्मीद थी। लेकिन रात 11 बजे तक जो आंकड़े मिले उससे आशा से भी अधिक परिणाम देखने को मिले। इससे विभाग के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों में खुशी व्याप्त है। Noida News