Noida : नोएडा। मोहर्रम के मौके पर मंगलवार को नोएडा, ग्रेटर नोएडा, दादरी, दनकौर, बिलासपुर आदि इलाकों में ताजिया के साथ जुलूस निकाला गया। इस दौरान शिया समुदाय ने मातम मनाया।
नोएडा के सेक्टर-22 में बेगम सादिक अली खान के मकान से मजलिसे अजा का कार्यक्रम शुरू हुआ। इसके बाद 12-22, चौड़ा मोड़ से जुलूस निकाला गया। इस दौरान जनबा गुलाम मुर्तजा रिजवी, डा. अजीज बर्नी तथा सेक्टर-8 जामा मस्जिद के इमाम मो. राशिद ने तकरीर दी।
मजलिसे अजा के दौरान अली अब्बास काजमी, सैयद हसन, मेंहदी नकबी तथा शिया कालेज लखनऊ के प्रोफेसर डा. सैयद मजाहिर अली रिजवी ने भी तकरीर दी। इसके बाद ताजिया व जुलूस चौड़ा मोड़ से एडोब चौराहा, सुमित्रा हॉस्पिटल तथा सेक्टर-50 के लिए रवाना हुआ। जुलूस के दौरान सैकड़ों शिया समुदाय के लोग मातम मनाते हुए चल रहे थे। उधर, दादरी, जेवर, दनकौर, बिलासपुर में भी कई स्थानों पर ताजिया जुलूस निकाला गया।