विज्ञापन
नवरात्रि के पावन अवसर पर नोएडा और आसपास के इलाकों में संपत्ति खरीदने वालों के लिए राहतभरी खबर है। गौतमबुद्ध नगर जिले के सभी सब-रजिस्ट्रार कार्यालय इस रविवार को भी खुले रहेंगे, जिससे खासतौर पर नोएडा के नौकरीपेशा वर्ग को बड़ी सुविधा मिलेगी।

Noida News : नवरात्रि के पावन अवसर पर नोएडा और आसपास के इलाकों में संपत्ति खरीदने वालों के लिए राहतभरी खबर है। गौतमबुद्ध नगर जिले के सभी सब-रजिस्ट्रार कार्यालय इस रविवार को भी खुले रहेंगे, जिससे खासतौर पर नोएडा के नौकरीपेशा वर्ग को बड़ी सुविधा मिलेगी। अब लोगों को शुभ अवसर पर रजिस्ट्री कराने के लिए अलग से कार्यदिवस में छुट्टी लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी। जिले में इस रविवार को 300 से अधिक रजिस्ट्रियों का अनुमान लगाया जा रहा है। आम दिनों में जितनी रजिस्ट्रियां होती हैं, उसके मुकाबले नवरात्रि के दौरान यह संख्या और बढ़ जाती है। ऐसे में नोएडा प्रशासन ने लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया है।
गौतमबुद्ध नगर में रजिस्ट्री व्यवस्था को आसान बनाने के लिए कुल छह सब-रजिस्ट्रार कार्यालय सक्रिय हैं। इनमें तीन दफ्तर नोएडा में हैं, जबकि ग्रेटर नोएडा, दादरी और जेवर में एक-एक कार्यालय काम करता है। नवरात्रि के इस विशेष रविवार को ये सभी कार्यालय आम कार्यदिवस की तरह खुले रहेंगे। ऐसे में नोएडा और आसपास के शहरों में रहने वाले उन लोगों को बड़ी राहत मिलेगी, जो दफ्तरों की व्यस्तता, नौकरी या समय की कमी के कारण अब तक अपनी रजिस्ट्री टालते आ रहे थे। यह व्यवस्था खासतौर पर कामकाजी वर्ग के लिए शुभ अवसर पर जरूरी काम निपटाने का बेहतर मौका बनकर सामने आई है।
नवरात्रि को हिंदू परंपरा में अत्यंत शुभ माना जाता है। यही वजह है कि नोएडा समेत पूरे जिले में इस दौरान मकान, फ्लैट, प्लॉट और अन्य संपत्तियों की खरीद-फरोख्त में तेजी देखी जाती है। पिछले साल भी नवरात्रि के दौरान रजिस्ट्रियों में 20 से 30 फीसदी तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। बड़ी संख्या में लोग या तो इन दिनों नई संपत्ति खरीदते हैं या पहले से तय सौदों की रजिस्ट्री शुभ मुहूर्त में कराना पसंद करते हैं। अब तक रविवार को दफ्तर बंद रहने के कारण कई लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। कई बार लोग शुभ मुहूर्त होने के बावजूद रजिस्ट्री नहीं करा पाते थे, जबकि कुछ को इसके लिए कार्यदिवस में छुट्टी लेनी पड़ती थी। लेकिन इस बार नोएडा में यह व्यवस्था बदलने जा रही है। रविवार को दफ्तर खुलने से खासकर निजी कंपनियों और संस्थानों में काम करने वाले लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
रविवार को खुलने वाले सब-रजिस्ट्रार कार्यालयों में रजिस्ट्री से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं सामान्य दिनों की तरह संचालित होंगी। दस्तावेजों की जांच, स्टांप ड्यूटी जमा करना, ऑनलाइन अपॉइंटमेंट, डीड पर हस्ताक्षर और अन्य औपचारिकताएं नियमित तरीके से पूरी कराई जाएंगी। यानी नोएडा में रजिस्ट्री कराने वाले लोगों को किसी अतिरिक्त प्रक्रिया से नहीं गुजरना होगा। एआईजी निबंधन अरुण कुमार शर्मा के अनुसार, रविवार को कार्यालय खोलने के लिए निर्देश मिल चुके हैं और अब लिखित आदेश का इंतजार है। उन्होंने बताया कि नवरात्रि में लोग बड़ी संख्या में संपत्ति खरीदते हैं या पहले खरीदी गई प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री इसी शुभ समय में कराना चाहते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। Noida News
विज्ञापन