
वेदवन पार्क नोएडा : उत्तर प्रदेश के नोएडा में स्थित वेदवन अपनी खास पहचान रखता है। इस पार्क की दिव्यता और भव्यता किसी को भी अपनी ओर आकर्षित कर लेती है, लेकिन यदि आप वेदवन पार्क में घुमने का प्लान बना रहे हैं तो यह खबर भी जरुर पढ़ लें, क्योंकि वेदवन पार्क में प्रवेश और घुमने को लेकर नए नियम लागू कर दिए गए हैं। शारदीय नवरात्रि से वेदवन पार्क में एंट्री करना महंगा हो जाएगा। नोएडा प्राधिकरण जल्द ही इस बाबत आदेश जारी करने जा रहा है।
आपको बता दें कि नोएडा के सेक्टर 78 में स्थित वेदवन पार्क पिकनिक स्पॉट के नजरिए से बेहद ही सुंदर पार्क है। यहां पर शाम के वक्त होने वाला लेजर लाइट शो हर किसी का मन मोह लेता है। किंतु नवरात्रि से वेदवन पार्क में प्रवेश शुल्क बढ़ाया जा रहा है। पार्क में शाम चार बजे के बाद प्रवेश करने वाले 5 से 12 वर्ष तक के बच्चों के लिए 20 रुपये का शुल्क लगेगा। वहीं, 12 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को 50 रुपये प्रवेश शुल्क देना होगा। प्रवेश शुल्क में ही साउंड एंड लाइट लेजर शो का शुल्क भी शामिल है। इसके लिए अलग से कोई चार्ज नहीं देना होगा।
आपको बता दें कि पार्क के उद्घाटन के बाद यहां दर्शकों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। आलम यह है कि यहां आने वाले लोगों के वाहनों से जाम जैसे हालात देखने को मिल रहे हैं। शुरुआती दौर में प्राधिकरण को भी यह पता नहीं था कि यहां इतने लोग आएंगे। लेकिन अब दर्शकों का रेस्पांस देखने के बाद प्राधिकरण को जाम जैसे हालात के लिए फिर से योजना बनानी पड़ रही है।
प्राधिकरण की एसीईओ वंदना त्रिपाठी ने बताया कि लोगों की मांग को ध्यान में रखते हुए सुबह पार्क में टहलने वालों के लिए कोई शुल्क नहीं लगाया गया है, लेकिन शाम के समय शुल्क लगाया जाएगा। नवरात्र से व्यवस्था लागू कर दी जाएगी।