विज्ञापन
नोएडा शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर को नया रूप देने की दिशा में नोएडा प्राधिकरण ने एक और बड़ा कदम उठाया है। हाजीपुर चौराहे से सेक्टर-93A स्थित एल्डिको सोसाइटी तक करीब 3 किलोमीटर लंबी मॉडल रोड विकसित की जाएगी।

Noida News : नोएडा शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर को नया रूप देने की दिशा में नोएडा प्राधिकरण ने एक और बड़ा कदम उठाया है। हाजीपुर चौराहे से सेक्टर-93A स्थित एल्डिको सोसाइटी तक करीब 3 किलोमीटर लंबी मॉडल रोड विकसित की जाएगी। इस परियोजना पर लगभग 35 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) ने इस प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। Noida News
अधिकारियों के अनुसार, परियोजना से जुड़े औपचारिक कार्यों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। संभावना जताई जा रही है कि अगले एक महीने के भीतर टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इसके बाद निर्माण कार्य को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। इस प्रस्तावित मॉडल रोड को न केवल आवागमन के लिए बल्कि लोगों के लिए एक आकर्षक सार्वजनिक स्पेस के रूप में विकसित किया जाएगा। योजना के तहत सड़क किनारे लैंडस्केपिंग, हरियाली, बैठने के लिए बेंच, आकर्षक लाइटिंग और सौंदर्यीकरण से जुड़े कई कार्य किए जाएंगे। फुटपाथ को भी पूरी तरह विकसित किया जाएगा, जिसमें छायादार पेड़, सुरक्षित पैदल मार्ग, दिव्यांगों के लिए रैंप और जेब्रा क्रॉसिंग जैसी सुविधाएं शामिल होंगी। शाम के समय सड़क को डेकोरेटिव लाइटिंग और आधुनिक पोल्स से रोशन किया जाएगा, जिससे यह क्षेत्र एक नया शहरी लुक प्राप्त करेगा। Noida News
यह मॉडल रोड नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड के समानांतर विकसित की जाएगी, जिससे इस पूरे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और सौंदर्य दोनों में सुधार होने की उम्मीद है।नोएडा प्राधिकरण पहले ही सेक्टर-126 में आईटी कंपनियों के बीच लगभग 450 मीटर लंबी मॉडल रोड का निर्माण कार्य शुरू कर चुका है। अधिकारियों का कहना है कि यह परियोजना खासतौर पर आईटी सेक्टर में कार्यरत कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। Noida News
प्राधिकरण की योजना के अनुसार, नोएडा के विभिन्न सेक्टरों में लगभग दस मॉडल रोड विकसित की जाएंगी। हर वर्क सर्किल में एक मॉडल रोड बनाने का प्रस्ताव है। अधिकारियों के मुताबिक, इन परियोजनाओं पर काम अलग-अलग चरणों में आगे बढ़ रहा है और आने वाले महीनों में जमीनी स्तर पर बदलाव दिखाई देने लगेंगे। इसी बीच नोएडा सेवन एक्स सेक्टर के निवासियों ने सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए स्थानीय विधायक पंकज सिंह को पत्र भेजा है। इसमें प्रमुख सड़कों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सेक्टर-74 से 79 तक कई प्रमुख सड़कों पर निगरानी व्यवस्था की कमी है, जिससे दुर्घटना या अपराध की स्थिति में त्वरित कार्रवाई मुश्किल हो जाती है। Noida News
सेक्टर-77 स्थित प्रतीक विस्टीरिया सोसाइटी के एओए के पूर्व अध्यक्ष अमित गुप्ता ने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर फुटपाथ पर यूनिपोल और होर्डिंग्स लगाए जाने से पैदल यात्रियों को परेशानी हो रही है और दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है। उन्होंने यह भी कहा कि इस मुद्दे को लेकर कई बार प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। Noida News
विज्ञापन