
Noida News : (चेतना मंच)। थाना सेक्टर-39 पुलिस ने 2 शातिर मोबाइल लुटेरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से लूटे गए पांच मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। थाना प्रभारी अजय चाहर ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर अमन व आनंद को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में इनके पास से पांच मोबाइल फोन बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपियो ने बताया कि वह बाइक पर सवार होकर लूट की वारदातों को अंजाम देते हैं। लूट की वारदातों में प्रयुक्त बाइक को भी सीज कर दिया गया है। पकड़े गए आरोपियों ने मोबाइल लूट की कई वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। इसके अलावा पुलिस ने प्रेमदास को 1 किलो 650 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है।
थाना फेस-1 पुलिस ने 3 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से तमंचा, कारतूस, गांजा बरामद हुआ है। थाना प्रभारी धु्रवभूषण दुबे ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर नूरी क्रेन चौराहे के पास से संजय पुत्र मोहन सिंह निवासी सेक्टर 12 को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उसके पास से तमंचा व कारतूस बरामद हुए। पकड़े गए आरोपी ने बताया कि वह अपराधिक वारदात को अंजाम देने के इरादे से घूम रहा था।
इसके अलावा पुलिस ने गांजे की तस्करी करने के आरोप में शानू व मिंटू को गिरफ्तार किया है। तलाशी में इनके पास से 2 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद हुआ है। पकड़े गए आरोपी झुग्गी बस्तियों में गांजे की बिक्री करते हैं। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स व एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।