नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (NIA) ने यात्रियों के अंतिम मील यात्रा अनुभव को बेहतर बनाने के लिए राइड शेयरिंग प्लेटफॉर्म रैपिडो के साथ एक साझेदारी की है। इस सहयोग का उद्देश्य यात्रियों को टर्मिनल से बाहर निकलते ही एक सुगम, सुरक्षित और तकनीक-सक्षम परिवहन विकल्प उपलब्ध कराना है। NIA जो जल्द ही एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय एविएशन हब (International Aviation Hub) बनने की दिशा में अग्रसर है इस पहल के जरिए यात्रियों के जमीनी सफर को भी उतना ही सहज और विश्वसनीय बनाना चाहता है जितना कि हवाई यात्रा। Noida Samachar
यात्रियों को मिलेगी खास सुविधाएं
इस साझेदारी के तहत रैपिडो हवाई अड्डे के भीतर एक समर्पित पिक-अप जोन तैयार करेगा जहां यात्रियों को जमीनी सहायता और स्पष्ट दिशानिर्देश मिलेंगे। इससे टर्मिनल से बाहर निकलते ही यात्रियों को अपने ड्राइवर तक पहुंचने में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। साथ ही, ड्राइवर-पार्टनर्स को भी एयरपोर्ट परिसर में निर्धारित पार्किंग स्लॉट दिए जाएंगे जिससे अनुमानित आगमन समय (ETA) कम हो सकेगा।
रैपिडो की ओर से मिलेंगी ये सुविधाएं
मोबाइल ऐप के माध्यम से रीयल-टाइम राइड ट्रैकिंग और ETA।
कैशलेस भुगतान विकल्प, जिससे भुगतान सुरक्षित और आसान होगा।
ड्राइवर और वाहन की पूरी जानकारी, साथ ही ऐप में इमरजेंसी/SOS बटन जैसी सुरक्षा सुविधाएं।
बाइक टैक्सी, ऑटो और कैब जैसी विविध राइड श्रेणियां।
24x7 सेवा उपलब्धता, ताकि हर उड़ान के लिए उपयुक्त कनेक्टिविटी मिल सके।
NIA के CEO ने क्या कहा?
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सीईओ क्रिस्टोफ श्नेलमैन ने इस साझेदारी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “जैसे-जैसे हम यात्रियों का स्वागत करने की तैयारी कर रहे हैं, टर्मिनल से बाहर का सफर भी उतना ही सुगम और तनावमुक्त होना चाहिए। रैपिडो के साथ यह साझेदारी हमारी उस सोच को दर्शाती है जिसमें हम हर यात्री को सुलभ और भरोसेमंद मोबिलिटी विकल्प देना चाहते हैं।”
NIA के साथ साझेदारी गौरव की बात
रैपिडो के एवीपी (कैब्स) राजीव भैरवी ने कहा, “एनआईए के साथ साझेदारी हमारे लिए गौरव की बात है। एयरपोर्ट से यात्रियों को सीधे, सुगम और टेक-इनेबल्ड ट्रांजिट देने का हमारा लक्ष्य इस सहयोग के माध्यम से साकार होगा। रैपिडो का SaaS मॉडल यात्रियों के लिए कम किराए और ड्राइवरों के लिए बेहतर आमदनी सुनिश्चित करता है।” गौरतलब है कि रैपिडो केवल कैब सेवाओं तक ही सीमित नहीं है। कंपनी बाइक टैक्सी, ऑन-डिमांड ऑटो, पार्सल डिलीवरी, और फूड डिलीवरी सेवाएं भी संचालित करती है। इनके पारदर्शी शुल्क मॉडल छोटे व्यवसायों और रोजमर्रा के उपयोगकर्ताओं दोनों के लिए किफायती और उपयोगी साबित हो रहे हैं।
NIA जो भविष्य में एक बहुविध ट्रांसपोर्ट हब बनने की ओर अग्रसर है हवाई यात्रा को निजी वाहन, सार्वजनिक परिवहन और अब ऐप-आधारित सेवाओं से जोड़ने की दिशा में लगातार काम कर रहा है। हवाई अड्डा प्रबंधन का कहना है कि वे सरकारी निकायों और निजी भागीदारों के साथ मिलकर हर यात्री की यात्रा को अधिक सुविधाजनक और सुलभ बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। अब हवाई अड्डे तक पहुंचना और वहां से घर तक लौटना पहले से कहीं ज्यादा आसान होगा। Noida Samachar