
Noida News : कोतवाली फेज-वन क्षेत्र में स्थित सेक्टर-8 स्थित एक झुग्गी में घरेलू गैस सिलेंडर फटने से लगी आग में झुलसे एक और व्यक्ति की मौत हो गई है। इस हादसे में 6 लोग झुलस गए। गंभीर रुप से झुलसे लोगों को को सेक्टर-30 स्थित जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां पर उपचार के दौरान 17 दिन की नवजात कन्या और 12 वर्षीय एक अन्य बच्चे की मौत हो गई थी। जबकि गंभीर रूप से झुलसे दो लोगों को दिल्ली के सफदरजंग हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया था।
सीएफओ प्रदीप कुमार ने बताया कि आग लगने की घटना आज सुबह करीब तीन बजे सेक्टर 8 के डी-221 के सामने बनी झुग्गी में लगी थी। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड फेज-1 की दो गाडिय़ां और कोतवाली फेज-1 की पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की दो गाडिय़ों ने आग पर काबू पाया।
अस्पताल में इलाज के दौरान (12 वर्षीय) लड़के रहमान और 17 दिन की शिशु कन्या की मौत हो गई थी। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग गैस के सिलेंडर में लीकेज की वजह से लगने की बात सामने आई है। अस्पताल में घर के मुखिया मास्टर जफरुद्दीन के अलावा रिजवान की पत्नी शबाना, भतीजी निशा तथा रिजवान का इलाज चल रहा है। रिजवान को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
थाना फेस वन क्षेत्र के सेक्टर-4 में गत दिनों काम करने के दौरान घायल हुए एक व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। जबकि रविवार को एक झुग्गी आग लगने के मामले में एक और व्यक्ति की मौत हो गई।
मूल रूप से खोड़ा कॉलोनी निवासी शिव कुमार पुत्र दीपक कुमार सेक्टर-4 की एक प्लाईवुड कंपनी में काम करता था। गत 3 फरवरी को कंपनी में काम करने के दौरान वह प्लाईवुड की सीट गिरने से घायल हो गया था। गंभीर स्थिति में उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में परिजनों ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है।