
Noida News (चेतना मंच)। एटीएम बूथ पर भोले भाले लोगों की मदद के बहाने एटीएम (ATM) बदलकर धोखाधड़ी से पैसे निकालने वाले गिरोह के एक सदस्य को थाना फेस 1 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसके पास से विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड व नकदी बरामद हुई है।
एडीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि थाना फेस 1 प्रभारी ध्रुव भूषण दुबे ने मुखबिर की सूचना के आधार पर पवन कुमार पुत्र जितेंद्र प्रसाद सिंह निवासी ग्राम बघवा जिला आरा को गिरफ्तार किया। पकड़ा गया आरोपी हाल में ग्राम दल्लूपुरा थाना न्यू अशोक नगर दिल्ली में रह रहा है। इसके पास से विभिन्न बैंकों के एटीएम व 4445 रुपये बरामद हुए हैं।
एडीसीपी ने बताया कि पकड़ा गया पवन कुमार शातिर किस्म का अपराधी है। यह एटीएम बूथ पर पैसे निकालने के बहाने खड़ा होता था। एटीएम बूथ पर आने वाले भोले भाले लोगों की हेल्प करने के बहाने यह उनका पासवर्ड देख लेता था। इस दौरान यह धोखे से उनका एटीएम बदलकर दूसरा एटीएम थमा देता था। एटीएम धारक के जाने के बाद पवन उक्त एटीएम से पैसे निकाल लेता था।
इस संबंध में चंद्र मोहन तिवारी, श्रीमती आभा तिवारी आदि ने पूर्व में एटीएम बदलकर धोखाधड़ी से पैसे निकालने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था।