Noida News: नोएडा शहर में भारी मात्रा में जल भराव तथा सफाई में खामी मिलने पर नोएडा प्राधिकरण के CEO कृष्णा करुणेश ने कड़ी कार्रवाई की है। नोएडा प्राधिकरण के 3 सुपरवाइजर की सेवाएं समाप्त कर दी गई।

नोएडा शहर में भारी मात्रा में जल भराव तथा सफाई में खामी मिलने पर नोएडा प्राधिकरण के CEO कृष्णा करुणेश ने कड़ी कार्रवाई की है। नोएडा प्राधिकरण के 3 सुपरवाइजर की सेवाएं समाप्त कर दी गई। वहीं 3 मैनेजर तथा 5 जूनियर इंजीनियर का एक माह का वेतन काटने के आदेश जारी किए गए हैं। यह कार्रवाई नोएडा प्राधिकरण के CEO कृष्णा करूणेश के निर्देश पर नोएडा प्राधिकरण के महा प्रबंधक (सिविल) एस.पी. सिंह ने की है।
बताते चलें कि नोएडा प्राधिकरण के CEO कृष्णा करुणेश ने अधिकारियों को 15 जुलाई तक शहर के सभी नालों की सफाई पूरी करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद अब भी करीब 30 प्रतिशत नालों की सफाई अधूरी है। साथ ही शहर के कई इलाकों में कूड़े के ढेर और खराब सफाई व्यवस्था की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। समीक्षा के दौरान लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ यह सख्त कार्रवाई की गई। प्राधिकरण ने शहर में जलभराव और सफाई व्यवस्था की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए दो नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए हैं।
यह भी पढ़ें: नोएडा में RWA की समस्याओं पर बड़ा मंथन, प्राधिकरण ने जल्द समाधान का दिया भरोसा
ओएसडी इंदू प्रकाश को वर्क सर्किल-1 से 5 और जीएम आर.एस. यादव को वर्क सर्किल-6 से 10 की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों अधिकारी प्रत्येक सर्किल में सफाई और नालों की स्थिति का निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट सीधे CEO कृष्णा करुणेश को सौंपेंगे। नोएडा प्राधिकरण का कहना है कि रिपोर्ट के आधार पर लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि शहर में जलभराव और सफाई व्यवस्था में तेजी से सुधार सुनिश्चित किया जा सके। नोएडा के नागरिकों ने नोएडा की इस कार्यवाही की सराहना की है।
विज्ञापन