नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश ने इस प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस निर्णय से प्राधिकरण में कार्यरत करीब 4800 आउटसोर्स कर्मियों को सीधा फायदा मिलेगा। लंबे समय से मेडिकल सुविधा की मांग कर रहे कर्मचारियों के लिए यह फैसला किसी बड़ी राहत से कम नहीं माना जा रहा है।

Noida News : नोएडा प्राधिकरण से जुड़े हजारों कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। नोएडा प्राधिकरण ने श्रमशक्ति आपूर्तिकर्ता एजेंसियों के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों के लिए मेडिकल इंश्योरेंस सुविधा को मंजूरी दे दी है। इस फैसले के बाद अब कर्मचारी और उनके आश्रित परिवारजन सालाना 5 लाख रुपये तक कैशलेस या बीमा आधारित इलाज का लाभ उठा सकेंगे। नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी कृष्णा करुणेश ने इस प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस निर्णय से प्राधिकरण में कार्यरत करीब 4800 आउटसोर्स कर्मियों को सीधा फायदा मिलेगा। लंबे समय से मेडिकल सुविधा की मांग कर रहे कर्मचारियों के लिए यह फैसला किसी बड़ी राहत से कम नहीं माना जा रहा है।
नोएडा प्राधिकरण के इस फैसले के तहत श्रमशक्ति आपूर्तिकर्ता एजेंसियों के माध्यम से तैनात कर्मचारियों के पांच आश्रित सदस्यों को भी मेडिकल कवर दिया जाएगा। इस योजना के अंतर्गत प्रति परिवार 5 लाख रुपये तक की वार्षिक मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया जनरल इंश्योरेंस कंपनी को चुना गया है। प्राधिकरण की ओर से प्रति कर्मचारी 10 हजार रुपये सालाना प्रीमियम का भुगतान किया जाएगा। यह भुगतान श्रमशक्ति आपूर्तिकर्ता एजेंसी के माध्यम से किया जाएगा।
इस मेडिकल बीमा योजना की नींव 26 अक्टूबर 2024 को आयोजित नोएडा प्राधिकरण की 215वीं बोर्ड बैठक में रखी गई थी। उसी बैठक में आउटसोर्स कर्मियों को स्वास्थ्य सुरक्षा देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी। अब इस फैसले को अमलीजामा पहनाते हुए प्राधिकरण ने बीमा कंपनी को अंतिम स्वीकृति दे दी है। नोएडा जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहर में बड़ी संख्या में कर्मचारी बुनियादी सेवाओं, सफाई व्यवस्था, रखरखाव और अन्य जरूरी कार्यों में लगे हुए हैं। ऐसे में उनके लिए स्वास्थ्य सुविधा सुनिश्चित करना प्रशासनिक दृष्टि से भी अहम कदम माना जा रहा है।
दरअसल, ईएसआई विभाग की ओर से मेडिकल सुविधा के लिए निर्धारित वेतन सीमा 21 हजार रुपये तक तय होने के बाद नोएडा प्राधिकरण के बड़ी संख्या में कर्मचारी इस सुविधा से बाहर हो गए थे। इसके बाद कर्मचारियों के सामने इलाज को लेकर गंभीर मुश्किलें खड़ी हो गई थीं। इसी वजह से पिछले काफी समय से आउटसोर्स कर्मी मेडिकल सुविधा बहाल करने की मांग कर रहे थे। अब नोएडा प्राधिकरण के इस फैसले ने उनकी लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा कर दिया है।
प्राधिकरण के अनुसार, चुनी गई बीमा कंपनी कर्मचारियों को पॉलिसी के पहले दिन से ही इलाज की सुविधा देगी। खास बात यह है कि इस मेडिकल इंश्योरेंस में सिर्फ सामान्य उपचार ही नहीं, बल्कि गंभीर बीमारियों का इलाज भी शामिल रहेगा। नोएडा और दिल्ली के अधिकांश बड़े अस्पताल इस बीमा पैनल से जुड़े बताए जा रहे हैं। इससे कर्मचारियों को बेहतर अस्पतालों में उपचार कराने में आसानी होगी और इलाज का आर्थिक बोझ भी काफी हद तक कम होगा।
नोएडा प्राधिकरण ने कर्मचारियों को मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कई बीमा कंपनियों से प्रस्ताव मांगे थे। इस प्रक्रिया में SBI General Insurance, United India Insurance, HDFC और Bajaj Allianz जैसी कंपनियों ने अपने प्रस्ताव दिए थे। इन प्रस्तावों पर विचार करने के बाद प्राधिकरण ने तय नीति के आधार पर SBI General Insurance Company का चयन किया। अब इसी कंपनी के माध्यम से नोएडा प्राधिकरण के हजारों कर्मियों को स्वास्थ्य बीमा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। Noida News