विज्ञापन
Noida News: भवन की रेट्रोफिटिंग कराई गई जिसके बाद निर्माण कार्य पूरा किया गया। इस परियोजना पर कुल लगभग 390 करोड़ रुपये खर्च हुए जिनमें 299 करोड़ रुपये सिविल निर्माण और करीब 90 करोड़ रुपये विद्युत कार्यों पर लगाए गए।

नोएडा प्राधिकरण का नया प्रशासनिक भवन अब पूरी तरह तैयार है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 27 जून को सेक्टर-96 स्थित इस अत्याधुनिक भवन का उद्घाटन करेंगे। करीब 390 करोड़ रुपये की लागत से बने इस भवन का निर्माण वर्ष 2016 में शुरू हुआ था। लंबे इंतजार और कई बाधाओं के बाद अब यह परियोजना पूरी हो गई है। उद्घाटन के बाद प्राधिकरण के सभी प्रमुख विभागों को धीरे-धीरे इसी परिसर में स्थानांतरित किया जाएगा।
यह परियोजना तय समय पर पूरी नहीं हो सकी। निर्माण कार्य में देरी होने पर पहले कार्यदायी कंपनी को ब्लैकलिस्ट कर दिया गया था। इसके बाद शेष काम के लिए दोबारा टेंडर जारी किया गया। वहीं वर्ष 2020 और 2021 में कोविड-19 महामारी के दौरान मजदूरों के पलायन का असर भी निर्माण कार्य पर पड़ा जिससे परियोजना और पीछे चली गई।

शेष निर्माण और रेट्रोफिटिंग का काम रिस्क एंड कॉस्ट के आधार पर दोबारा कराया गया। 27 मई 2022 को यह जिम्मेदारी एसटी कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड को सौंपी गई। आईआईटी दिल्ली की रिपोर्ट के अनुसार, भवन की रेट्रोफिटिंग कराई गई जिसके बाद निर्माण कार्य पूरा किया गया। इस परियोजना पर कुल लगभग 390 करोड़ रुपये खर्च हुए जिनमें 299 करोड़ रुपये सिविल निर्माण और करीब 90 करोड़ रुपये विद्युत कार्यों पर लगाए गए।

वर्तमान में नोएडा प्राधिकरण के अलग-अलग विभाग सेक्टर-6, सेक्टर-19, सेक्टर-20 और सेक्टर-39 से संचालित हो रहे हैं। नए भवन में सभी विभागों को एक ही परिसर में लाया जाएगा। इससे अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय होगा और आम लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
सेक्टर-96 स्थित यह भवन नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के पास बनाया गया है, जिससे यहां पहुंचना आसान होगा। शुरुआत में परियोजना को 18 और 9 मंजिला दो टावरों के रूप में विकसित करने की योजना थी लेकिन बाद में डिजाइन में बदलाव कर 4 और 8 मंजिला दो टावर बनाए गए। करीब छह एकड़ में फैले इस परिसर में पर्याप्त बेसमेंट पार्किंग और आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। अधिकारियों का मानना है कि नए भवन के शुरू होने से प्रशासनिक कामकाज अधिक व्यवस्थित होगा और लोगों को सेवाएं पहले से बेहतर तरीके से मिल सकेंगी।
विज्ञापन