
Noida News : सेक्टर-94 में नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (NMRC) और दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) को संयुक्त रुप से दिए गए प्लाट पर कामर्शियल हब विकसित किया जाना था। तीन बार योजना निकालने के बाद भी एक भी आवेदन नहीं आया। अब प्राधिकरण यह जमीन एनएमआरसी को वापस कर रही है। इसके लिए प्राधिकरण ने नोएडा मेट्रो रेल कार्पोरेशन को पत्र लिखा है।
नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी कुमार संजय ने बताया कि एनएमआरसी और डीएमआरसी ने सेक्टर-94 स्थित लैंड पार्सल भूखंड संख्या-01 नोएडा प्राधिकरण के वाणिज्यिक विभाग को ई ऑक्शन कराए जाने के लिए दिया था। 200वीं बोर्ड बैठक के बाद 30 दिसंबर 2020 को एनएमआरसी, डीएमआरसी और नोएडा प्राधिकरण के बीच एक एमओयू साइन किया गया।
इस क्रम में वाणिज्यिक भूखंड संख्या सेक्टर-94 पॉकेट-1 क्षेत्रफल 11025.32 वर्गमीटर, पॉकेट-2 क्षेत्रफल 609.53 वर्गमीटर और पॉकेट-3 क्षेत्रफल 583.30 यानी कुल 12218.15 वर्गमीटर के लिए ई ऑक्शन के लिए योजना संख्या 2020-21 के तहत 17 मार्च से 16 अप्रैल 2021 तक ऑनलाइन ई निविदा आमंत्रित की गई। इस दौरान एक भी निविदा नहीं आई।
इसके बाद प्राधिकरण ने योजना को 8 मई 2021 और फिर 22 मई 2021 के तक के लिए बढ़ाया। इसके बाद भी एक भी कंपनी नहीं आई। अंत में 28 मई 2021 को प्राधिकरण ने योजना को समाप्त कर दिया। उन्होंने बताया कि इसकी प्रमुख वजह भूखंड का अत्यधिक मूल्य और ग्राउंड कवरेज कम होना बताया गया। उन्होंने बताया कि एफएआर के अनुसार इस भूखंड का जो मूल्य तय किया गया था वो सही नहीं है। ऐसे में प्राधिकरण की ओर से भूखंड को वापस एनएमआरसी व डीएमआरसी को वापस किया जाता है। Noida News