
Noida News : (चेतना मंच)। घर बैठे पार्ट टाइम वर्क कर पैसे कमाने के लालच में एक महिला जालसाज के चंगुल में फंस गई। जलसाज द्वारा भेजे गए वीडियो के लिंक पर क्लिक करते ही महिला के खाते से 7 लाख रुपये निकल गए। पीडि़त महिला ने थाना सेक्टर-113 में अज्ञात जालसाज के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है।
सेक्टर 74 केपटाउन सोसाइटी में रहने वाली महिला में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि गत दिनों उसके व्हाट्सएप पर एक व्यक्ति की कॉल आई। व्यक्ति ने उन्हें घर बैठे पार्ट टाइम वर्क के जरिए पैसे कमाने का लालच दिया। उक्त व्यक्ति ने उन्हें बताया कि उसके द्वारा भेजी गई वीडियो पर क्लिक कर वह घर बैठे अच्छे खासे पैसे कमा सकती हैं। उसके द्वारा हां करने पर उक्त व्यक्ति ने उनके मोबाइल पर वीडियो के कई लिंक भेजें।
इन लिंक पर क्लिक करते ही उनके खाते से अलग-अलग समय में 7 लाख रुपये निकल गए। बैंक से मैसेज आने पर उन्हें ठगी का अहसास हुआ। इसके पश्चात उन्होंने उस नंबर पर बात करने का प्रयास किया तो वह स्विच ऑफ मिला। महिला ने इसकी शिकायत थाना सेक्टर 113 पुलिस से की है।
थाना प्रभारी ने बताया कि महिला द्वारा दिए गए फोन नंबर को सर्विलांस सेल को दिया गया है और पुलिस आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।