
Noida News: ट्रेजरी ऑफिसर बनकर पुलिस पेंशनरों से धोखाधड़ी कर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले जामताड़ा गैंग के एक सक्रिय सदस्य को साईबर सैल ने पंजाब से गिरफ्तार किया है। इस गैंग ने पिछले दिनों पीएससी से सेवानिवृत्त हुए एक व्यक्ति के खाते से धोखाधड़ी कर 31 लाख रू0 से ज्यादा हड़प लिए थे।
थाना साईबर क्राईम की प्रभारी निरीक्षक रीता यादव ने बताया कि अमित शर्मा निवासी सेडभर, थाना सिंघावली अहीर, जनपद बागपत ने आईटी एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके पिता रविन्द्र कुमार शर्मा जो पीएससी से मुख्य आरक्षी के पद से सेवानिवृत्त हुए थे उनको 22 जून 2020 को ट्रेजरी ऑफिसर का फोन आया जिसने पीपीओ बनाने के लिए बैंक खाते की डिटेल पूछकर नेट बैंकिंग आईडी बनाकर एसबीआई बचत खाता अमीरनगर सराय से 31 लाख 10 हजार रूपये धोखाधड़ी करके विभिन्न खातों में ट्रांसफर करा लिए। शिकायत की जांच कर रही साईबर सैल ने तकनीकी व दस्तावेजों के आधार पर जांच की तो नूर अली पुत्र शमशेर अली व शमशेर अली पुत्र मकबूल अली का नाम सामने आया।
पुलिस ने 2 अगस्त 2021 को नूरअली को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जबकि शमशेर अली की तलाश जारी रखी। साईबर सैल ने सर्विलांस के माध्यम से शमशेर अली पुत्र मकबूल अली मूल निवासी ग्राम मुरली, थाना रगड़ा चौक, जिला भागलपुर बिहार को पंजाब के जिला फतेहागढ साहिब से गिरफ्तार कर लिया।
यह गिरोह पुलिस विभाग से रिटायर अधिकारी व कर्मचारियों का पीएनओ के माध्यम से ऑनलाइन डाटा की जानकारी कर उनके पेंशन व फंड क्लीयर कराने के नाम पर ट्रेजरी ऑफिसर बनकर फोन करते थे और उनके बैंक डिटेल लेकर लाखों रूपए विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर करा लेते थे।